मिथुन चक्रवर्ती को मिले पद्म सम्मान का तृणमूल ने बनाया मजाक

कोलकाता, 26 जनवरी (हि.स.)। तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता कुणाल घोष ने सुपरस्टार मिथुन चक्रवर्ती को पद्म भूषण पुरस्कार दिए जाने का मजाक उड़ाया है।घोष ने कहा कि पद्म भूषण पुरस्कार उनकी अभिनय प्रतिभा के लिए नहीं बल्कि राजनीतिक खेमे में बदलाव के लिए दिया गया पुरस्कार है। घोष ने शुक्रवार को सोशल मीडिया हैंडल पोस्ट में कहा,“पद्म भूषण पुरस्कार उनकी अभिनय प्रतिभा की कोई पहचान नहीं है। उस स्थिति में यह पुरस्कार 2014 के बाद किसी भी समय दिया जा सकता था। वास्तव में यह तृणमूल कांग्रेस के प्रति उनकी बेईमानी और पार्टी की बदनामी करनेे के लिए एक पुरस्कार है।”

-----

भाजपा का पलटवार

पश्चिम बंगाल में राज्य भाजपा अध्यक्ष और पार्टी के लोकसभा सदस्य सुकांत मजूमदार ने घोष पर तीखा हमला किया है। मजूमदार ने चिटफंड घोटाला व करोड़ों रुपये के सारदा घोटाले में कथित संलिप्तता के कारण घोष के वर्षों जेल में बिताने की घटना का जिक्र किया। मजूमदार ने कहा,“तीन बार के राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता महान अभिनेता को अब पद्म भूषण से सम्मानित किया गया है और कौन इस पर निंदनीय टिप्पणी कर रहे है? यह उस व्यक्ति द्वारा किया जाता है, जिसने तीन साल सलाखों के पीछे बिताए हैं। कुणाल घोष उत्तर कोलकाता के रहने वाले हैं। मिथुन चक्रवर्ती ने भी अपना प्रारंभिक जीवन उत्तर कोलकाता में बिताया था। अब उत्तर कोलकाता के लोग ऐसी निंदनीय टिप्पणियों के लिए घोष को उचित जवाब देंगे।”

उल्लेखनीय है कि तृणमूल कांग्रेस के पूर्व राज्यसभा सदस्य मिथुन चक्रवर्ती 2021 पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले कोलकाता में भाजपा में शामिल हो गए थे।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम प्रकाश

   

सम्बंधित खबर