सांप्रदायिकता एवं फासीवाद के खिलाफ प्रतिवाद दिवस मनाया गया

भागलपुर, 30 जनवरी (हि.स.)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के शहादत दिवस को लेकर मंगलवार को सांप्रदायिकता एवं फासीवाद के खिलाफ आज प्रतिवाद दिवस मनाया गया। इस अवसर पर स्थानीय घंटाघर चौक पर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी शहर समिति द्वारा नुक्कड़ सभा का आयोजन किया गया।

सभा को संबोधित करते हुए भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य कार्यकारिणी के सदस्य डॉ. सुधीर शर्मा ने कहा कि देश आज गंभीर संकट के दौर से गुजर रहा है। केंद्र और राज्य की सरकार दक्षिणपंथी नीतियों को लागू कर रही है। कॉर्पोरेट घरानों को फायदा पहुंचाने के लिए सरकार धार्मिक उन्माद को बढ़ावा दे रही है। जिससे देश की साझी संस्कृति और विरासत को खतरा उत्पन्न हो गया। सांप्रदायिक तत्वों ने ही बापू की हत्या की थी।

बापू की शहादत हमें सांप्रदायिक व फासीवाद के खिलाफ संघर्ष का आह्वान कर रही है। सभा को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, शहर समिति के सहायक सचिव सचिन कुमार, जिला कार्यकारिणी के सदस्य अनीता शर्मा, पूर्व सचिव अभिमन्यु मंडल, इप्टा के डॉक्टर अवधेश, शिक्षक नेता देवचंद झा, ऐटक के नेता जय प्रकाश दास, कामरेड आरके सिंह आदि ने संबोधित किया।

हिन्दुस्थान समाचार/बिजय

/चंदा

   

सम्बंधित खबर