माकपा ने ब्रिगेड परेड मैदान में दिखाई ताकत, बुद्धदेव का ऑडियो मैसेज सुनाया गया

कोलकाता, 07 जनवरी (हि.स.)। लोकसभा चुनाव से पहले वाम दलों ने एक बार फिर अपनी ताकत दिखाई है। रविवार को कोलकाता के सबसे बड़े ब्रिगेड परेड मैदान में राज्य भर से लाखों की संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे हैं। यहां विमान बोस, मोहम्मद सलीम, मीनाक्षी मुखर्जी के अलावा पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने संबोधन किया। पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य का ऑडियो मैसेज भी इस कार्यक्रम में सुनाया गया जिसमें उन्होंने लोकतंत्र को बचाने के लिए सांप्रदायिक ध्रुवीकरण करने वाली ताकतों के खिलाफ लड़ाई का आह्वान किया है। उनका इशारा मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के साथ ही भाजपा के खिलाफ लड़ाई के लिए है। मीनाक्षी मुखर्जी ने एक कविता के जरिए युद्ध का उद्घोष किया।

मीनाक्षी मुखर्जी ने कहा कि आज देश की सबसे बड़ी समस्या बेरोजगारी है। बंगाल में भी वही हाल है और पूरे देश में वही हाल है हमें इसके खिलाफ लड़ना होगा। मोहम्मद सलीम ने यहां संबोधन करते हुए कहा कि जिस तरह से आज ब्रिगेड परेड मैदान में कार्यकर्ताओं की भीड़ है वह कई लोगों को चिंता में डालने वाला है। आज इस मैदान में हम आए हैं बदलाव का संकेत देने के लिए। इसके बाद राज्य पर हमारा कब्जा होगा।

सलीम ने कहा कि मोदी-ममता बनर्जी जैसे निरंकुश लोग गलती स्वीकार करना नहीं जानते। वामपंथी गलतियां स्वीकार कर सकते हैं क्योंकि वामपंथी ईमानदारी के साथ राजनीति कर सकते हैं।

उल्लेखनीय है कि हाल ही में ब्रिगेड परेड मैदान में एक लाख से अधिक लोगों ने गीता पाठ की है। उसके बाद लोकसभा चुनाव से पहले माकपा का ब्रिगेड परेड अभियान बेहद खास माना जा रहा है। हिन्दुस्थान समाचार / ओम प्रकाश /गंगा

   

सम्बंधित खबर