प्रधानमंत्री मोदी ने जनजातीय सम्मान, गौरव और स्वाभिमान को स्थापित किया: केंद्रीय मंत्री मुंडा

प्रधानमंत्री मोदी ने जनजातीय सम्मान, गौरव और स्वाभिमान को स्थापित किया: केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडाप्रधानमंत्री मोदी ने जनजातीय सम्मान, गौरव और स्वाभिमान को स्थापित किया: केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा

भोपाल, 11 फरवरी (हि.स.)। केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आजादी के लंबे कालखंड के बाद जनजातीय सम्मान, गौरव और स्वाभिमान को स्थापित किया है। जिन जनजातीय रणबांकुरों और शहीदों ने आजादी की लड़ाई में अपनी माटी के लिए आहुति दी, प्रधानमंत्री मोदी ने उनका सम्मान न केवल एक राज्य में अपितु संपूर्ण देश में सुनिश्चित किया। उन्होंने देश के विभिन्न भागों में संग्रहालयों के निर्माण और इतिहास लेखन से जनजातीय लोगों को स्वयं को जानने तथा उन्हें विकास की मुख्य धारा में जोड़ने का काम किया है।

केन्द्रीय मंत्री मुंडा रविवार को प्रधानमंत्री मोदी की उपस्थिति में मध्य प्रदेश के झाबुआ में आयोजित जनजातीय महासम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के सबका साथ सबका विकास और सब का विश्वास के मंत्र ने जनजातीय समुदाय की प्रगति का मार्ग प्रशस्त किया है। शिक्षा के क्षेत्र में की गई पहल महत्वपूर्ण है। सिकल सेल एनीमिया के उन्मूलन के लिए चलाया गया अभियान जनजातीय समाज के लिए विश्व का सबसे बड़ा हेल्थ केयर इनीशिएटिव है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का आगमन मध्य प्रदेश के लिए सौभाग्य का अवसर है। प्रधानमंत्री मोदी प्रदेश को क्रांति सूर्य टंट्या भील विश्वविद्यालय की सौगात दे रहे हैं, इसके साथ ही अनेक विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी उनके कार्यक्रमों से हो रहा है।

क्रांतिसूर्य टंट्या भील विश्वविद्यालय की रखी आधारशिला

प्रधानमंत्री ने लगभग 7500 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें प्रधानमंत्री सड़क, रेल, बिजली और जल क्षेत्र से संबंधित अनेक परियोजनाएं शामिल हैं साथ ही प्रधानमंत्री ने क्रांतिसूर्य टंट्या भील विश्वविद्यालय खरगोन की आधारशिला रखी व 'सीएम राइज स्कूल' रजला झाबुआ का शिलान्यास भी किया। उन्होंने स्वामित्व योजना के लाभार्थियों को 1.75 लाख अधिकार अभिलेख वितरित किये। इससे लोगों को उनकी जमीन के अधिकार के लिए दस्तावेजी साक्ष्य उपलब्ध होंगे। क्रांतिसूर्य टंट्या भील विश्वविद्यालय खरगोन एक समर्पित विश्वविद्यालय है, जो क्षेत्र में उच्च जनजातीय बहुलता वाले जिलों के युवाओं को सुविधाएं प्रदान करेगा। करीब 170 करोड़ रुपये की लागत से विकसित होने वाला यह विश्वविद्यालय छात्रों के समग्र विकास के लिए विश्वस्तरीय अवसंरचना प्रदान करेगा।

दो लाख महिलाओं को आहार अनुदान योजना की किश्त जारी

प्रधानमंत्री ने ‘प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना’ के अंतर्गत 559 गांवों के लिए 56 करोड़ रुपये जारी किए। इस राशि का उपयोग आंगनवाड़ी भवन, राशन की दुकानों, स्वास्थ्य केंद्र, स्कूलों में अतिरिक्त कमरे, आंतरिक सड़कों सहित विभिन्न प्रकार की निर्माण गतिविधियों के लिए किया जाएगा। स्कूल छात्रों को स्मार्ट क्लास, ई-लाइब्रेरी आदि जैसी आधुनिक सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। उन्होंने लगभग दो लाख महिला लाभार्थियों को आहार अनुदान योजना की मासिक किस्त का वितरण किया। इस योजना में मध्य प्रदेश की विभिन्न विशेष पिछड़ी जनजातियों की महिलाओं को पौष्टिक आहार के लिए 1500 रुपये प्रति माह प्रदान किए जाते हैं।

तलवाड़ा बांध परियोजना की आधारशिला

प्रधानमंत्री मोदी ने 'तलवाड़ा बांध परियोजना' की आधारशिला रखी। यह धार और रतलाम के एक हजार से अधिक गांवों के लिए पेयजल आपूर्ति योजना है। इसके अलावा अटल कायाकल्प और शहरी परिवर्तन मिशन (अमृत) 2.0 के तहत 14 शहरी जलापूर्ति योजनाओं का भी शिलान्यास किया। प्रधानमंत्री ने झाबुआ की 50 ग्राम पंचायतों के लिए 'नल जल योजना' भी राष्ट्र को समर्पित किया, इससे लगभग 11 हजार घरों को नल से जल उपलब्ध कराया जाएगा।

रेल परियोजनाओं को किया राष्ट्र को समर्पित

प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम में कई रेल परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित किया और उनकी आधारशिला रखी। इसके अंतर्गत रतलाम रेलवे स्टेशन और मेघनगर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास की आधारशिला रखी गई। इन स्टेशनों का पुनर्विकास अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत किया जाएगा। राष्ट्र को समर्पित रेल परियोजनाओं में इंदौर-देवास-उज्जैन सी केबिन रेलवे लाइन के दोहरीकरण की परियोजना, इटारसी-यार्ड रीमॉडलिंग के साथ उत्तर-दक्षिण ग्रेड सेपरेटर तथा बरखेरा-बुदनी-इटारसी को जोड़ने वाली तीसरी लाइन शामिल है। ये परियोजनाएं रेल अवसंरचना को मजबूत करने तथा यात्री और माल गाड़ियों, दोनों के लिए यात्रा के समय को कम करने में मदद करेंगी।

सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण

प्रधानमंत्री ने मध्य प्रदेश में 3275 करोड़ से अधिक की कई सड़क विकास परियोजनाओं को भी राष्ट्र को समर्पित किया। इसमें एनएच-47 के (हरदा-तेमगांव) 30 किलोमीटर तक हरदा-बैतूल (पैकेज-I) को चार लेन का बनाना; एनएच-752डी का उज्जैन देवास खंड; एनएच-47 के इंदौर-गुजरात एमपी सीमा खंड को चार लेन (16 किमी) और एनएच-47 के चिचोली-बैतूल (पैकेज-III) हरदा-बैतूल को चार लेन और एनएच-552जी का उज्जैन झालावाड़ खंड शामिल है। इन परियोजनाओं से सड़क संपर्क में सुधार होगा और क्षेत्र में आर्थिक विकास में मदद मिलेगी। प्रधानमंत्री मोदी ने प्रधानमंत्री अपशिष्ट डंपसाइट उपचार परियोजना, 7 विद्युत सब स्टेशन जैसे अन्य विकास कार्यों का भी शिलान्यास किया।

कार्यक्रम में राज्यपाल मंगुभाई पटेल, केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, मंत्रिगण, सांसद वीडी शर्मा, जनजातीय मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उराम तथा जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। विशाल जनजातीय महाकुंभ में मध्यप्रदेश सहित गुजरात, राजस्थान और महाराष्ट्र के लोगों ने भाग लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश/संजीव

   

सम्बंधित खबर