राहुल गांधी पहले अपने पार्टी में अन्याय के शिकार नेताओं को न्याय दिलाएं : मुख्यमंत्री साय

रायपुर, 11 फ़रवरी (हि.स.)। छत्तीसगढ़ में आज 11 फरवरी से राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा की शुरुआत हो रही है। यात्रा को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तंज कसते हुए कहा कि पहले राहुल गांधी अपनी ही पार्टी में अन्याय के शिकार नेताओं को न्याय दिलाने की पहल करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश ने उनकी दक्षिण से उत्तर तक भारत जोड़ो यात्रा का भी हश्र देख लिया है, जिसके बाद जनता ने कांग्रेस को तीन राज्यों से अलग कर दिया था। राहुल गांधी अपनी न्याय यात्रा को लेकर छत्तीसगढ़ में है। लोकसभा चुनाव में भी राज्य की जनता कांग्रेस पार्टी का पूरा सफाया करने का मन बना चुकी है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पीएम मोदी की गांरटी के सभी कार्य प्राथमिकता के साथ पूरे किए जा रहे हैं। यहां 18 लाख पीएम आवास और महतारी वंदन योजना का जल्द लाभ दिलाने के लिए काम शुरू कर दिया है। किसानों से इस बार 145 मीट्रिक टन बंपर मात्रा में धान की खरीद की गई है। किसानों को धान की अंतर राशि का भी जल्द भुगतान करा दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। इस बार तेन्दूपत्ता की संग्रहण राशि बढ़ाकर 5500 रुपये करने का निर्णय ले लिया है। इससे वनोपज संग्राहकों को लाभ मिलेगा।

हिन्दुस्थान समाचार/ चंद्रनारायण शुक्ल

   

सम्बंधित खबर