मप्रः पर्यटन मंत्री ने की विभागीय समीक्षा, राम वन गमन पथ रामराजा, देवी लोक के विकास प्रगति की ली जानकारी

भोपाल, 15 फरवरी (हि.स.)। पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग मंत्री धर्मेन्द्र भाव सिंह लोधी ने गुरुवार को मंत्रालय में अधिकारियों की बैठक लेकर विभागीय योजनाओं और कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने राम वन गमन पथ, विभिन्न लोक जैसे रामराजा लोक, देवी लोक के विकास कार्यों की जानकारी ली।

बैठक में मंत्री लोधी को 20 से 26 फरवरी तक आयोजित खजुराहो महोत्सव तथा विक्रमोत्सव की तैयारियों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने संस्कृति विभाग की योजनाओं की समीक्षा की एवं विभागीय बजट एवं रिक्त पदों की जानकारी ली। उन्होंने रिक्त पदों की पूर्ति के लिये त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश दिए। अनुकम्पा नियुक्ति के प्रकरणों को प्राथमिकता से निराकृत किये जाने एवं विभागान्तर्गत नवाचारों की जानकारी प्राप्त कर आवश्यक दिशा निर्देश दिये।

मंत्री लोधी ने कहा कि प्रदेश की बहुआयामी कला, संस्कृति एवं इतिहास पर आधारित ऑडियो बुक एवं ई-बुक तैयार कर नागरिकों को उपलब्ध कराया जाये। जिससे वे प्रदेश की विशाल सांस्कृतिक परम्पराओं को जान सकें। बैठक में प्रमुख सचिव शिवशेखर शुक्ला सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश

   

सम्बंधित खबर