आचार्य विद्यासागर जी ने सदमार्ग पर चलने की दी प्रेरणा : मुख्यमंत्री डॉ.यादव

- आचार्य जी का मध्य प्रदेश पर रहा है आशीर्वादः मुख्यमंत्री

भोपाल, 18 फरवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आचार्य विद्यासागर का मध्य प्रदेश के प्रति विशेष स्नेह रहा है। प्रदेशवासियों को उनका भरपूर आशीर्वाद मिला। उनके सद्कार्य हमें सदैव प्रेरित करते रहेंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. ने रविवार को सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि आध्यात्मिक चेतना के पुंज, विश्व वंदनीय संत शिरोमणि परमपूज्य आचार्य गुरुवर श्री 108 विद्यासागर महाराज की संलेखना पूर्वक समाधि सम्पूर्ण जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। आचार्य जी का संयमित जीवन और विचार सदैव प्रेरणा देते रहेंगे।

शनिवार-रविवार की मध्य रात्रि आचार्य जी का अवसान हुआ है। इस खबर से मध्य प्रदेश में शोक की लहर है। प्राप्त जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ में रविवार को दोपहर में आचार्य जी का अंतिम संस्कार होगा। आचार्य विद्यासागर महाराज के अंतिम दर्शन के लिये डोंगरगढ़ स्थित चंद्रगिरी में बड़ी संख्या में उनके अनुयायियों जनसैलाब उमड़ पड़ा।

आचार्य विद्यासागर का त्याग और तप सदैव प्रेरित करता रहेगाः उप मुख्यमंत्री शुक्ल

वहीं, प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने जैन धर्म के आध्यात्मिक चेतना के पुंज, संत शिरोमणि आचार्य गुरुवर श्री 108 विद्यासागर महाराज को नमन किया है। उन्होंने कहा कि आचार्य जी का ब्रह्मलीन होना संपूर्ण मानवता के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि आचार्य जी का त्याग, तपस्या और तपोबल सदैव हमें प्रेरित करता रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश

   

सम्बंधित खबर