दस हजार की रिश्वत लेते संग्रह अमीन और अनुसेवक रंगे हाथ गिरफ्तार
- Admin Admin
- Feb 02, 2024
हरिद्वार, 02 फरवरी (हि.स.)। विजिलेंस टीम ने लक्सर तहसील के संग्रह अमीन व अनुसेवक को दस हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। शिकायतकर्ता मोहम्मद आरिफ निवासी अब्दुल रहीमपुर, थाना खानपुर ने बताया कि उसके पास दो गाड़ियां थी, जो उसके और उसकी पत्नी के नाम थी। उसने अपने नाम के टेम्पो ट्रैवलर व अपनी पत्नी नाम की मिनी बस को करीब चार साल पहले किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया था।
शिकायतकर्ता ने बताया कि परिवहन विभाग ने दोनों गाड़ियों की आरसी काट दी थी, जिसे वह जमा नहीं कर पा रहे था। जिसकी वसूली के लिए संग्रह अमीन रवि पाल उस पर दबाव डाल रहे थे। गाड़ियों के बिक्री संबंधी कागजात गलती से आग में जलकर नष्ट हो गए थे। नतीजतन, वाहन किसको बेचा उसकी जानकारी उसके पास नहीं थी। दोनों वाहनों की वसूली के सम्बन्ध में जारी आरसी को परिवहन विभाग को वापस करने व जेल भेजने से बचाने की एवज में संग्रह अमीन रवि पाल ने वाहन स्वामी मोहम्मद आरिफ से 15000 रुपये रिश्वत की मांग की। जिसमें मोहम्मद आरिफ ने रवि पाल को चार दिन पहले 5000 दे दिए थे और 10000 बाद में देने का वादा किया था। इसी बीच मोहम्मद आरिफ को बिजिलेंस विभाग का नंबर मिल गया और उन्होंने विजिलेंस विभाग को इस संबंध में जानकारी दी। शिकायत मिलने पर विजिलेंस की टीम ने शुक्रवार को संग्रह अमीन रवि पाल और अनुसेवक पदम प्रकाश को शिकायतकर्ता से 10000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
गिरफ्तार संग्रह अमीन रवि पाल व उनके अनुसेवक पदम सिंह के खिलाफ विजिलेंस टीम कार्रवाई में जुट गई है। पूछताछ के बाद टीम दोनों को अपने साथ देहरादून ले गई।
हिन्दुस्थान समाचार/ रजनीकांत/वीरेन्द्र