मप्रः राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी कृष्णा को पंख खेल उपलब्धि पुरस्कार से आज किया जाएगा सम्मानित

ग्वालियर, 20 फरवरी (हि.स.)। ग्वालियर निवासी और मध्यप्रदेश महिला हॉकी अकादमी में प्रशिक्षणरत खिलाड़ी कृष्णा शर्मा को पंख खेल उपलब्धि पुरस्कार 2024 से सम्मानित किया जाएगा। पुरस्कार समारोह आज (मंगलवार) सुबह 11.15 बजे से भोपाल में के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कृष्णा को पुरस्कार प्रदान करेंगे।

इस संबंध में हितेन्द्र सिंह भदौरिया विभागीय सूचना अधिकारी ने बताया कि ग्वालियर के नाका चन्द्रबदनी निवासी माया शर्मा और सुनील शर्मा की सुपुत्री कृष्णा हाल ही में नीदरलैंड्स में हुई सब जूनियर गर्ल्स हॉकी प्रतियोगिता में भारत का प्रतिधित्व करके वापस लौटीं हैं। शहर की इस होनहार बेटी ने इंडिया सब जूनियर, एमपी जूनियर और सब जूनियर के अलावा खेलो इंडिया में भी अपने खेल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। कृष्णा ने बताया कि वे राइट आर्म स्ट्राइकर की पोजिशन पर खेलती हैं। वर्तमान में हॉकी अकादमी में कोच वंदना उइके और परमजीत सिंह से हॉकी की बारीकियों को सीख रही हैं। खेल के साथ-साथ वह ग्यारहवीं कक्षा में अध्ययनरत भी हैं।

हिन्दुस्थान समाचा / मुकेश/मयंक

   

सम्बंधित खबर