ग्वालियर: दसवीं का पेपर बिगड़ने पर छात्रा ने फांसी लगाकर दी जान

ग्वालियर, 22 फरवरी (हि.स.)। गोला का मंदिर थाना क्षेत्र में नाबालिग छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। छात्रा का दसवीं का पेपर बिगड़ जाने पर आत्मघाती कदम उठाना बताया जा रहा है। फांसी लगाने का पता चलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव फंदे से उतारा। पुलिस ने आत्महत्या के कारणों की विवेचना प्रारंभ कर दी है।

हनुमान कॉलोनी निवासी देवेन्द्र माहौर की चौदह वर्षीय बेटी साक्षी कक्षा दसवीं में पढ़ती थी। साक्षी की इस समय परीक्षाएं चल रही थीं। गुरुवार को वह अपने कमरे में पढ़ रही थी जबकि मां घर के कामकाज में व्यस्त थीं। पिता बाजार में सब्जी लेने गए थे। जब वह बाजार से वापस लौटे और बेटी कमरे में नहीं नजर आई तो उसे घर में देखा गया। ऊपरी मंजिल पर बने कमरे में जब मां पहुंची तो उनकी चीख निकल गई। साक्षी का शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ था। आवाज सुनकर देवेन्द्र भी कमरे में पहुंचे और बेटी को फांसी पर लटका देख हैरान रह गए। बताया गया है कि साक्षी पढ़ाई के दौरान ही उठकर ऊपरी मंजिल पर बने कमरे में पहुंची और उसने मौका मिलते ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। फांसी की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। साक्षी के फांसी लगाने केे बारे में जो जानकारी सामने आई है उसमें बताया गया जा रहा है कि उसका पेपर बिगड़ गया था और उसी के चलते वह तनाव में रही होगी। पुलिस ने शव विच्छेदन गृह भेज मर्ग कायम कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार/शरद

   

सम्बंधित खबर