राज्य आंदोलनकारियों ने क्षैतिज आरक्षण बिल पारित होने पर बांटी मिठाई
- Admin Admin
- Feb 09, 2024
नैनीताल, 9 फ़रवरी (हि.स.)। राज्य आंदोलनकारियों और उनके आश्रितों को क्षैतिज आरक्षण देने का विधेयक विधानसभा में पारित होने पर नगर के राज्य आंदोलनकारियों ने शुक्रवार को मिष्ठान वितरण कर प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया।
उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी मंच के बैनर तले नगरपालिका परिषद नैनीताल के पूर्व अध्यक्ष मुकेश जोशी ‘मंटू’ की अध्यक्षता तथा पान सिंह सिजवाली के संचालन में राज्य अतिथि गृह नैनीताल क्लब में आयोजित बैठक हुई। इस बैठक में वक्ताओं ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य विधानसभा में क्षैतिज आरक्षण बिल पास होना उत्तराखण्ड के समस्त आंदोलनकारियों की बड़ी जीत है। आगे भी वे राज्य हित और राज्य आंदोलनकारियों के सम्मान के लिए उनका संघर्ष जारी रहेगा।
बैठक में जिलाध्यक्ष गणेश बिष्ट, कंचन चंदोला, शाकिर अली, मनमोहन कनवाल इंदर नेगी, महेश जोशी, लक्ष्मी नारायण लोहनी, वीरेन्द्र सिंह, लीला बोरा, असीम बख्श, हरेंद्र बिष्ट, मुकुल कांडपाल, नवीन जोशी, भावना नेगी, माया नेगी, धर्म सिंह, गिरीश जोशी, चद्रशेखर जोशी, प्रकाश आर्या, संजय बिष्ट व हेम वारियाल आदि राज्य आंदोलनकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार/डॉ.नवीन जोशी/सुनील