आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने फूंका ईडी का पुतला
- Admin Admin
- Mar 23, 2024
मेरठ, 23 मार्च (हि.स.)। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में शनिवार को आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने ईडी का पुतला फूंकते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष अंकुश चौधरी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। शराब घोटाले में अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी बिना सुबूतों के की गई है। अपने हाथों तख्तियां लिए कार्यकर्ताओं ने ईडी की कार्रवाई का जमकर विरोध किया और ईडी का पुतला फूंका। उन्होंने कहा कि 26 मार्च को आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में प्रधानमंत्री कार्यालय का घेराव करेंगे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी कार्यालय में सौंपा।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा लोकतंत्र की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। प्रधानमंत्री ईडी और सीआईडी की बदौलत चुनाव लड़ रहे हैं। देश के सबसे बड़े विपक्ष के नेता अरविंद केजरीवाल को प्रधानमंत्री के इशारे पर ईडी ने गिरफ्तार किया है। इससे प्रतीत होता है कि लोकतंत्र खतरे में है। प्रधानमंत्री ने अपने प्रचार-प्रसार में ईडी सहित सभी एजेंसियों को उतार दिया है। षड्यंत्र के तहत आम आदमी पार्टी के नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार/ डॉ. कुलदीप/राजेश