पुष्कर में शुरू हुआ अंतरराष्ट्रीय होली महोत्सव

अजमेर, 23 मार्च (हि.स.)। मशहूर 'अंतरराष्ट्रीय पुष्कर होली महोत्सव' का आगाज हो गया है। पूरे पुष्कर में इन दिनों गीत-संगीत, विभिन्न तरह के पकवान और रंग-गुलाल की धूम है। रेतीले धोरों में डीजे पार्टी हो रही है, तो कस्बे के वराह घाट चौक में ढोल की थाप पर देसी-विदेशी पर्यटक थिरकते नजर आ रहे हैं। पुष्कर में होली का त्योहार दुनियाभर के लिए सेलिब्रेशन स्पॉट बन चुका है। पारंपरिक गैर नृत्य, चंग, ढोल और फाग के गीतों के साथ होली का त्योहार मनाया जाता है। डीजे पर बॉलीवुड और इंटरनेशनल म्यूजिक इस जश्न में जोशीला तड़का लगाता है।

इस साल होली पर 23 से 24 मार्च के बीच यहां करीब 50 हजार से अधिक देसी-विदेशी पर्यटक आएंगे। इसमें दो हजार से अधिक विदेशी पर्यटक होंगे।पर्यटकों के रुझान को देखते हुए प्रशासन ने होली और मस्ती से जुड़े आयोजनों को प्रोत्साहित करना शुरू किया है। 19 मार्च से शुरू हुए अंतरराष्ट्रीय होली महोत्सव की समाप्ति 25 मार्च को डीजे पार्टी के साथ होगी। 'अंतरराष्ट्रीय पुष्कर होली महोत्सव' की शुरुआत कस्बे के वराह घाट चौक से हुई। यहां करीब 100 वर्षों से ज्यादा समय से पारंपरिक होली महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। मंडल के सुरेंद्र राजोरिया और आशुतोष शर्मा ने बताया कि बीते 10 साल में कस्बे के युवाओं ने 'ला बेला होली मंडल' नाम से आयोजन समिति का गठन किया। कार्यक्रम के दौरान किए जा रहे प्रयोगों की वजह से पुष्कर की होली अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लोकप्रिय हुई है।

साउथ अफ्रीका की चिली से पुष्कर आईं हिवेरा ने बताया कि होली फेस्टिवल के लिए पुष्कर आई हूं। भारत में ये मेरी पहली विजिट है। यहां मैं पिछले एक महीने से हूं। पुष्कर में मेरा अनुभव शानदार रहा है। गलियों में बहुत खूबसूरत डेकोरेशन किया गया है। अजमेर कलेक्टर डॉ. भारती दीक्षित ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय पुष्कर होली महोत्सव को नए आयाम देने और पुष्कर की धार्मिक आस्थाओं को बनाए रखने के लिए प्रशासन तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। उपखंड अधिकारी निखिल कुमार पोद्दार ने बताया कि अब तक करीब 20 होटल और रिसोर्ट से होली के आयोजन को लेकर अनुमति मांगी गई है। ये रिसोर्ट सैलानियों के लिए सांस्कृतिक और मॉडर्न इवेंट्स कर होली महोत्सव को खास बना रहे हैं। होटल एसोसिएशन के संरक्षक राजेंद्र महावर बताते हैं कि कस्बे में 2000 होटल, गेस्ट हाउस, धर्मशाला हैं। ये सब 22 से 26 मार्च के लिए लगभग बुक हो चुकी हैं। इसके चलते लोकल टूरिज्म से जुड़े लोगों को काफी हाइक मिला है। सामान्य दिनों में 1500 रुपए में मिलने वाला कमरे का किराया 20 मार्च से 26 मार्च तक 5000 रुपए तक पहुंच गया है। फाइव स्टार होटल में किराया आमतौर पर 20 हजार से 30 हजार के बीच रहता है, जो होली महोत्सव के दौरान 40 हजार रुपए तक पहुंच जाता है।

रेस्टोरेंट और होटल संचालक विनोद ओझा बताते हैं कि बीते वर्षों की तुलना में इस वर्ष अधिक पर्यटक पुष्कर पहुंचेंगे। 50 हजार पर्यटकों के आने की उम्मीद है। इससे छोटे होटल और गेस्ट हाउस में होली के तीन दिनों में लगभग दो करोड़ रुपए से अधिक का व्यापार का अनुमान लगाया जा रहा है। पुष्कर होली फेस्टिवल में शामिल होने के लिए देश से ही नहीं दुनिया भर से पर्यटक पुष्कर पहुंच रहे हैं। पुष्कर के होटल, गेस्ट हाउस पर्यटकों से आबाद हैं। होटल और गेस्ट हाउस संगठन से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, पुष्कर में करीब दो हजार पर्यटक फिलहाल मौजूद हैं। इनमें फ्रांस, इजराइल, स्पेन, इटली, यूके, जर्मनी, पोलैंड और रशिया के पर्यटक शामिल हैं। सबसे ज्यादा 800 इजराइली मूल के पर्यटक होली महोत्सव में शामिल होने पुष्कर आए हैं। जानकारी के अनुसार 23 मार्च के बाद विदेशी पर्यटकों की संख्या अधिक बढ़ेगी।

हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/संदीप

   

सम्बंधित खबर