रतलाम: खाद लूटने के आरोपी पूर्व विधायक मनोज चावला, पूर्व प्रवक्ता गुगालिया भाजपा में शामिल

रतलाम, 23 मार्च (हि.स.)। जिले की आलोट विधानसभा से कांग्रेस के पूर्व विधायक मनोज चावला और कांग्रेस के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता प्रमोद गुगालिया शनिवार को भाजपा में शामिल हो गए। रतलाम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उन्हें और उनके समर्थक कार्यकर्ताओं को भाजपा की सदस्यता दिलाई।

दरअसल, पूर्व विधायक मनोज चावला ने पहले ही कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी को भेजे इस्तीफे में पार्टी छोड़ने की वजह व्यक्तिगत कारण बताई थी। गौरतलब है कि यूरिया संकट के बीच 10 नवंबर 2022 को आलोट के नकद बिक्री केंद्र (सरकारी गोदाम) पर सर्वर समस्या के कारण पीओएस मशीन बंद थी। इससे किसान परेशान हो रहे थे। तब मनोज चावला और पूर्व जिला कांग्रेस योगेंद्र सिंह जादौन समेत कुछ नेता गोदाम पहुंचे। वहां विधायक ने शटर उठाकर किसानों को खाद निकालने को बोला। इसका कई किसानों ने फायदा उठाया। रजिस्टर में बिना एंट्री किए खाद ले गए। मामले में मनोज चावला और कांग्रेस नेता जादौन पर लूट, डकैती और शासकीय कार्य में बाधा सहित अन्य मामलों में प्रकरण दर्ज किया गया था।

हिन्दुस्थान समाचार/ केशव दुबे/मुकेश

   

सम्बंधित खबर