गुवाहाटी (असम), 15 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली सरकार के मंत्री तथा आम आदमी पार्टी (आप) के नेता इमरान हुसैन ने कहा है कि 2026 में आम आदमी पार्टी असम में सरकार बनाने जा रही है। मंत्री सोमवार को डिब्रूगढ़ लोकसभा सीट के आप उम्मीदवार मनोज धनबार के समर्थन में एक चुनावी सभा को संबोधित करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि असम के लोग भी चाहते हैं कि दिल्ली की तरह असम के सरकारी स्कूल प्राइवेट स्कूलों से अच्छे बन जाएं। लोग चाहते हैं कि असम के सरकारी अस्पताल प्राइवेट अस्पतालों से अच्छे बन जाएं। सभी को बगैर किसी रूकावट के 24 घंटे मुफ्त बिजली मिले। सभी को पाइप लाइन के जरिए घरों में मीठा पानी मिले। महिलाओं को उनके खाते में एक हजार रुपए सम्मान राशि मिले। बेरोजगारों को रोजगार मिले।
मंत्री हुसैन ने कहा कि आप के उम्मीदवार असम में दोनों सीटों पर चुनाव जीतने जा रहे हैं। इस दौरान उन्होंने सरकार पर कई आरोप लगाए।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश/अरविंद