यह चुनाव नरेन्द्र मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाने के लिए है : डॉ. सरमा

गुवाहाटी, 02 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने कहा है कि यह चुनाव प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को फिर से तीसरी बार प्रधानमंत्री चुनने के लिए है। उन्होंने कहा कि जनता ने प्रधानमंत्री के रूप में नरेन्द्र मोदी को चुनना तय कर लिया है। यह चुनाव बस महज औपचारिकता भर ही है।

मुख्यमंत्री आज सरूपथार में एक चुनावी कार्यक्रम को संबोधित करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में स्थानीय मुद्दे नहीं हैं। स्थानीय मुद्दे विधानसभा चुनाव में उठाए जाते हैं। इस चुनाव में लोगों का सीधा संकल्प नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री चुनना है।

एक प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते चुनाव में असम के स्थानीय लोगों के मन में अनेक प्रकार कीआशंकाएं थीं। ये आशंकाएं धीरे-धीरे दूर हो चुकी है। उन्होंने कहा कि जहां राज्य के विभिन्न जनजातीय इलाकों में उग्रवाद की समस्या थी। लोग भूमि के अधिकारों को लेकर आशंकित थे। लेकिन, अब उग्रवाद समाप्त हो चुका है। उल्फा समेत विभिन्न उग्रवादी संगठनों के साथ शांति समझौता हो चुका है। अनेक लोगों को भूमि का अधिकार दिया जा चुका है। विभिन्न प्रकार से लोगों की समस्याओं का समाधान किया जा चुका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह चुनाव पूरी तरह विकास के एजेंडा पर लड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस समय को अमृत कल घोषित किया है। 2047 तक भारत को विकसित देश बनाने के लिए प्रधानमंत्री ने संकल्प लिया है। जिसे पूरा करने के लिए हम सभी कार्य कर रहे हैं।

चीन द्वारा अरुणाचल प्रदेश के 30 स्थानों का भौगोलिक नाम दिए जाने से संबंधित सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हालांकि यह अंतरराष्ट्रीय मामला है। राज्य का इससे कोई लेना-देना नहीं है। फिर भी वह केंद्र सरकार को सलाह देंगे कि चीन के 30 स्थान के जवाब में तिब्बत के साठ स्थानों का भौगोलिक नाम भारत सरकार दे दे। उन्होंने कहा की ईद का जवाब पत्थर से दिया जाना चाहिए।

इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ काजीरंगा लोकसभा क्षेत्र से भाजपा के उम्मीदवार कामाख्या प्रसाद तासा, बीटीसी के मुख्य कार्यकारी सदस्य प्रमोद बोड़ो समेत कई विधायक, मंत्री एवं अन्य गाण्मान्य व्यक्ति मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश/अरविंद

   

सम्बंधित खबर