मुरैना: भाजपा प्रत्याशी पहुंचे गांव-गांव, कांग्रेस प्रत्याशी ने मंदिर-मंदिर मत्था टेका

मुरैना, 7 अप्रैल (हि.स.)। मुरैना-श्योपुर लोकसभा क्षेत्र के लिये कांग्रेस प्रत्याशी की घोषणा होते ही बाजारों में चुनावी दंगल तेज होने की चर्चाएं आरंभ हो गई हैं। विगत एक माह से भाजपा प्रत्याशी मुरैना-श्योपुर जिले के बड़े-बड़े क्षेत्रों में चुनावी प्रचार-प्रसार का एक दौर पूरा कर रविवार सुबह से ही कैलारस के गांव-गांव पहुंच गये। वहीं बीती रात कांग्रेस प्रत्याशी की घोषणा होने के बाद आज सुबह बड़े लाव-लश्कर के साथ सत्यपाल सिंह सिकरवार नीटू भगवान का आशीर्वाद लेने के लिये ग्वालियर के अचलेश्वर महादेव मंदिर से आरंभ होकर मुरैना जिले के देवस्थानों पर पहुंच रहे हैं। इस बीच कुंवर जाहर सिंह शर्मा, सोबरन सिंह मावई, कालीचरण कुशवाह की प्रतिमाओं पर श्रद्धासुमन अर्पित कर परिजनों से आशीर्वाद लिया। कांग्रेस प्रत्याशी की घोषणा होने के बाद भी दोनों दलों में चुनाव प्रचार-प्रसार की गतिविधियां तय करने के लिये बैठकें की जा रही हैं।

रविवार सुबह भाजपा प्रत्याशी कैलारस तहसील क्षेत्रान्तर्गत नैपरी गांव पहुंचे। यहां मण्डल कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर सबलगढ़ विधायक सरला रावत तथा इफको के डायरेक्टर बनवारीलाल शुक्ला, उपाध्यक्ष जिला पंचायत बनवारीलाल धाकड़, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष अनूप भदौरिया, राजेन्द्र शुक्ला सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे। भाजपा प्रत्याशी शिवमंगल सिंह तोमर ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि 8 अप्रैल को दोपहर 12 बजे मुख्यमंत्री मोहन यादव मामचौन गांव में पधार रहे हैं। अधिक से अधिक कार्यकर्ता इस कार्यक्रम में शामिल हो।

शिवमंगल सिंह ने दोपहर तक नैपरी के बाद चेतापुरा, इटोरा, कौल्हेरा, शहदपुर गांव में जाकर कार्यकर्ताओं व भाजपा पदाधिकारियों से मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को सफल बनाने तथा लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा को अधिक से अधिक मतों से विजयी बनाने में सहयोग करने को कहा है। इस दौरान भाजपा प्रत्याशी का नीरज शुक्ला, दीपू गौड़, राजेन्द्र यादव, शिवदयाल राठौर, सरपंच रामेश्वर यादव, सियाराम सिकरवार, महेन्द्र सिंह सिकरवार, रामसनेह सिकरवार, निताल सिंह सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया।

रविवार कको कांग्रेस ने भी अपना चुनावी अभियान आरंभ करने से पूर्व ईश्वर का आशीर्वाद लेना शुरू किया है। कांग्रेस प्रत्याशी सुबह ग्वालियर के अचलेश्वर महादेव मंदिर में पूजा अर्चना कर मुरैना की ओर रवाना हुये। मुरैना जिले की सीमा पर कांग्रेस प्रत्याशी का भव्य स्वागत किया। सैकड़ों लग्जरी वाहनों के साथ नीटू सिकरवार पटिया वाले बाबा करहधाम पर आशीर्वाद लेने पहुंचे। उन्होंने चौखुटी गांव में स्वर्गीय सोबरन सिंह मावई, भूराडांडा में स्व. कालीचरण कुशवाह, मुरैना शहर में स्व. जाहर सिंह शर्मा कक्का की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किये। कांग्रेस प्रत्याशी जरेरूआ सरकार, रामजानकी मंदिर जीवाजीगंज, महाराजा अग्रसेन पार्क में भी पहुंचे। इस बीच समर्थकों ने उत्साह के साथ उनका स्वागत किया। इस अवसर पर कांग्रेस प्रत्याशी सत्यपाल सिंह सिकरवार नीटू ने कहा कि कांग्रेस के एक-एक कार्यकर्ता ने मुरैना-श्योपुर लोकसभा सीट को जीतने के लिय कमर कस ली है। इसमें जनता भी उनका साथ देगी।

एक सवाल के जवाब में सिकरवार ने बताया कि जनता साथ होने पर बड़ेे से बड़े राजनैतिक दरख्त उखड़ जाते हैं। उनका परिवार पूरे पांच वर्ष जनता की सेवा करते हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रामनिवास रावत के तंज को अपने विरुद्ध नहीं बताया। भाजपा के 400 पार की रणनीति को लेकर कहा कि वर्ष 2019 के चुनाव में भी 200 पार का नारा सफल नहीं हुआ था। वहीं चुनौती पनौती कुछ नहीं होता जनता का विश्वास ही कार्यकर्ता को चुनाव जिताकर नेता बनाता है। जीवाजीगंज में उनका स्वागत केदार शिवहरे, सीताराम गोयल, हरीबाबू शिवहरे सहित व्यवसाईयों व कांग्रेेस कार्यकर्ताओं ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार/ उपेन्द्र गौतम/मुकेश

   

सम्बंधित खबर