उप्र में पछुआ हवाओं से बढ़ा पारा, कानपुर में 41 डिग्री पार

कानपुर, 14 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज बराबर बदल रहा है, सोमवार को जहां ब्रज क्षेत्र में तेज आंधी के साथ हल्की बारिश हुई तो वहीं मंगलवार को तेज धूप खिल गई। हालांकि बीच बीच आसमान में बादलों की आवाजाही भी बनी रही लेकिन कानपुर में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस पार कर गया। मौसम विभाग का कहना है कि पछुआ हवाओं के चलने से राजस्थान की ओर से गर्म हवाएं आ रही है और यह गर्म हवाएं अब हीट वेब में बदल जाएंगी।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने मंगलवार को बताया कि एक निम्न दबाव की रेखा मध्य और ऊपरी क्षोभमंडलीय पछुआ हवाओं के साथ अपनी धुरी के साथ समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर, 79 डिग्री पूर्व देशांतर के साथ 32 डिग्री उत्तर अक्षांश के उत्तर में चल रही है। पूर्वोत्तर असम पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। झारखंड और आसपास के इलाकों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। एक ट्रफ रेखा दक्षिण आंतरिक कर्नाटक पर चक्रवाती परिसंचरण से निचले स्तर पर मध्य महाराष्ट्र होते हुए उत्तर-पश्चिमी मध्य प्रदेश तक फैली हुई है। उत्तर पश्चिमी मध्य प्रदेश पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। एक और चक्रवाती परिसंचरण कोमोरिन क्षेत्र पर है। दक्षिण पश्चिम मानसून के 19 मई के आसपास दक्षिण अंडमान सागर, दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों और निकोबार द्वीप समूह में आगे बढ़ने की उम्मीद है। 17 मई से एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को प्रभावित करेगा। मौसम की इन गतिविधियों से उत्तर प्रदेश में अब तेजी से तापमान बढ़ेंगे और हीट वेब की स्थित की संभावना बढ़ गयी है।

उन्होंने बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 41.0 और न्यूनतम तापमान 25.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 62 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 15 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पश्चिम रहीं जिनकी औसत गति 3.7 किमी प्रति घंटा रही। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिनों में हल्के बादलों की आवाजाही बने रहने के आसार हैं किन्तु वर्षा की कोई संभावना नहीं है। हवाओं की गति सामान्य गति से अधिक चलने के आसार हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/अजय/दीपक/मोहित

   

सम्बंधित खबर