इंडी गठबंधन में हूं लेकिन बंगाल में नहीं, देश में : ममता
- Admin Admin
- May 18, 2024
कोलकाता, 18 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को फिर दोहराया कि केंद्र में अगर इंडी गठबंधन की सरकार बनती है, तो उनकी पार्टी उसमें शामिल हो सकती है। इसके कुछ दिन पहले उन्होंने कहा था कि उनकी पार्टी गठबंधन की सरकार को बाहर से समर्थन देगी।
तृणमूल की लोकसभा उम्मीदवार मिताली बाग के समर्थन में आरामबाग में आयोजित एक रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और माकपा के बीच एक भ्रमित गठबंधन को छोड़कर, पश्चिम बंगाल में कोई गठबंधन नहीं है। हम राष्ट्रीय स्तर पर इंडी गठबंधन के साथ हैं। इस बार केंद्र में इंडी गठबंधन की सरकार बनना तय है।
सीएम बनर्जी ने आरोप लगाया कि भाजपा मंदिरों को लेकर राज्य में तनाव पैदा करने की कोशिश कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मैने प्रशासन से मंदिरों पर विशेष निगरानी रखने के लिए कहा है। संदेशखाली में साजिश के बाद, अब वे राज्य में मंदिरों को लेकर तनाव पैदा कर सकते हैं।
उन्होंने लोगों को शेयर बाजारों में निवेश करने की सलाह देने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की आलोचना की।
ममता ने कहा कि जब चुनाव चल रहा हो, तो वह ऐसी बात नहीं कर सकते। यह आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है। हिन्दुस्थान समाचार /ओम प्रकाश /गंगा