गयाशपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं की पिटाई, चुनाव आयोग ने मांगी रिपोर्ट
- Admin Admin
- May 20, 2024
कोलकाता, 20 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में मतदान सुबह से ही बनगांव लोकसभा के कई जगहों पर अशांति का माहौल है। नदिया में गयाशपुर के बेदीभवन के पास सड़क पर भाजपा के गयाशपुर शहर मंडल महासचिव सुबीर विश्वास की पिटाई करने का आरोप तृणमूल पर लगा है। भाजपा कार्यकर्ता जयंत जयधर भी चोटिल हुए हैं। इसके बाद भाजपा नेतृत्व ने केंद्रीय बलों की भूमिका पर सवाल उठाए। भाजपा उम्मीदवार शांतनु ठाकुर घायल भाजपा कार्यकर्ताओं को देखने कल्याणी एम्स अस्पताल पहुंचे। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने शांतिपूर्वक चुनाव कराने की पूरी कोशिश की है लेकिन प्रशासन ''पूरी तरह विफल'' है।
पीड़ित भाजपा नेता सुबीर ने आरोप लगाया कि ''तृणमूल समर्थित उपद्रवियों'' द्वारा मतदाताओं को मतदान केंद्रों पर जाने से रोका जा रहा है। स्थानीय भाजपा नेताओं के विरोध करने पर उन्हें सड़क पर गिराकर बांस के डंडे और रॉड से जमकर पीटा गया। कल्याणी विधानसभा के गयाशपुर आनंदपल्ली में भी भाजपा के एक बूथ एजेंट को मारपीट कर बाहर निकाल दिया गया है। स्वरूपनगर में भी अशांति की खबरें हैं। इन मामलों में चुनाव आयोग ने रिपोर्ट मांगी है। हिन्दुस्थान समाचार /ओम प्रकाश /गंगा