ब्रेक फेल होने से सड़क पर पलटी कार, एक की मौत, छह घायल

नैनीताल, 19 जून (हि.स.)। नैनीताल जनपद में मंगलवार की रात भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक कार ब्रेक फेल होने से सड़क पर पलट कर दुर्घटनाग्रस्त हो गयी। इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गयी है, जबकि छह लोग घायल हुए हैं।

जानकारी के अनुसार ऊधमसिंह नगर जनपद के सितारगंज निवासी एवं वर्तमान में दिल्ली में रहने वाले एक कारोबारी परिवार के सात लोग मंगलवार की रात कार से रानीखेत घूमने आ रहे थे। इस दौरान कार गरमपानी के पास कार ब्रेक फेल होने से सड़क पर पलट कर दुर्घटनाग्रस्त हो गयी। दुर्घटना में वाहन चला रहे 47 वर्षीय त्रिलोक सिंह, उनकी 35 वर्षीय पत्नी उमा बिष्ट, 16 वर्षीय पुत्र श्रेष्ठ, 13 वर्षीय पुत्र त्रिलोक, 30 वर्षीय निशा सिंह और 6 वर्षीय नियान सिंह तथा 37 वर्षीय लक्ष्मण सिंह घायल हो गये। इनमें लक्ष्मण सिंह को गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खैरना ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने लक्ष्मण को मृत घोषित कर दिया।

हिन्दुस्थान समाचार/डॉ. नवीन जोशी/सत्यवान/वीरेन्द्र

   

सम्बंधित खबर