महापौर ने महाकुम्भ के निर्माण कार्यों को लेकर जतायी नाराजगी

-लोनिवि के मुख्य अभियंता को लिखा पत्र

प्रयागराज, 19 जून (हि.स.)। महापौर गणेश केसरवानी ने लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता को महाकुम्भ 2025 के अंतर्गत शहर में कराये जा रहे निर्माण कार्यों को लेकर पत्र लिखा है।

महापौर ने कहा है कि शहर में जिन-जिन फर्मों द्वारा नाली निर्माण का कार्य किया जा रहा है, उनके द्वारा नाली में बहने वाले पानी का आउटलेट नहीं बनाया जा रहा है। यानी आधी-अधूरी नाली का कार्य किया जा रहा है। इससे वर्षा होने पर नाली के अधूरे कार्य और आउटलेट न होने के कारण शहर में जल प्लावन की स्थिति उत्पन्न होगी। इसके अतिरिक्त जो भी सड़क का निर्माण किया जा रहा है, वहां पटरी सड़क से काफी नीची हो रही है। जो दुर्घटना का कारण बन सकती है।

पत्र में महापौर ने कहा है कि शहर में जल प्लावन की स्थिति न उत्पन्न होने पाये। इसके लिए स्वयं विभागीय अधिकारियों की टीम बनाकर स्थलीय निरीक्षण करा लें तथा सम्बंधित फर्मों को अपने स्तर से निर्देशित करें। अन्यथा शहर में जल प्लावन होने पर उसकी जिम्मेदारी आपके विभाग की होगी।

हिन्दुस्थान समाचार/विद्या कान्त/राजेश

   

सम्बंधित खबर