नीट परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर अजय राय के नेतृत्व में कांग्रेस ने प्रदर्शन किया

लखनऊ, 21 जून (हि.स.)। नीट परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर कांग्रेस पार्टी ने शुक्रवार को प्रदेश के सभी जनपद मुख्यालयों पर प्रदर्शन किया। राजधानी लखनऊ में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में हजारों की संख्या में कांग्रेसजनों ने नीट परीक्षा में हुई धांधली के विरोध में विधानसभा घेराव के लिए कूच किया।

इस दौरान मौके पर तैनात पुलिस बल द्वारा कांग्रेसजनों को बैरिकेड लगाकर बलपूर्वक रोकने का प्रयास किया गया। जिसमें पुलिस प्रशासन एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का मुक्की हुई, जिसमें कई कांग्रेसजनों को हल्की चोटें भी आई।

आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अजय राय के साथ मोदी सरकार मुर्दाबाद, भाजपा सरकार मुर्दाबाद,नीट परीक्षा रद्द करो,धर्मेन्द्र प्रधान इस्तीफा दो नारा लगाकर बैरीकेड तोड़कर आगे बढ़े। जिस दौरान पुलिस प्रशासन से काफी जद्दोजहद के पश्चात प्रदेश अध्यक्ष अजय राय एवं सैकड़ों की संख्या में कांग्रेसजनों क़ो गिरफ्तार कर प्रशासन की बसों के माध्यम से अस्थाई जेल ईको गार्डेन ले जाया गया।

गिरफ्तारी के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि आजाद भारत के इतिहास में युवाओं के प्रति इतनी संवेदनहीन सरकार कभी नहीं देखी गई। इस सरकार में चाहे प्रतियोगी परीक्षा हो,रोजगार की परीक्षा हो, सभी परीक्षाएं भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ती चली गई। एक भी परीक्षा नहीं हुई जिसमें पेपर लीक ना हुआ हो। सरकार लगातार नकल माफियाओं पर नकेल कसने में नाकामयाब रही है। ऐसा प्रतीत होता है की इन अपराधियों को सत्ता संरक्षण प्राप्त है। कांग्रेस पार्टी युवाओं के हितों के साथ अन्याय नहीं होने देगी और सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी।

प्रदर्शन में नवनिर्वाचित सांसद राकेश राठौर,पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी, पूर्व विधायक इन्दल रावत, प्रदेश कांग्रेस कोषाध्यक्ष शिव पाण्डेय, प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश सिंह, संगठन महासचिव अनिल यादव, प्रदेश महासचिव मुकेश सिंह चौहान, जिला कांग्रेस कमेटी लखनऊ के अध्यक्ष वेद प्रकाश त्रिपाठी, शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमित श्रीवास्तव त्यागी प्रमुख रूप शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/बृजनन्दन/राजेश

   

सम्बंधित खबर