खिलाड़ियों को बेहतर अवसर प्रदान करना सभी की जिम्मेदारी : ठाकुर संजय सिंह
- Admin Admin
- Jun 05, 2024
हरिद्वार, 5 जून (हि.स.)। खेल संगठन की सक्रियता एवं मजबूती का केन्द्र खिलाड़ी हैं। खिलाड़ियों को बेहतर अवसर प्रदान करना सभी की जिम्मेदारी है इसलिए खेल, खिलाड़ी तथा संगठन में परस्पर बेहतर संबंध बना रहना जरूरी है। भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष ठाकुर संजय सिंह ने अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में यह बातें कही।
राजपूत पंचायती धर्मशाला के पृथ्वीराज चौहान सभागार में बुधवार को आयोजित सम्मान समारोह में पहुंचे ठाकुर संजय सिंह ने कहाकि खिलाड़ी चाहे किसी भी खेल अथवा विद्या से सम्बंधित हो, उसकी मदद को सभी को सदैव तत्पर रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनके द्वार सभी खिलाड़ियों की हर संभव मदद को सदैव खुले हैं।
भारतीय कुश्ती संघ का अध्यक्ष बनने पर पहली बार देवभूमि पहुंचे ठाकुर संजय सिंह को क्षत्रिय महासभा द्वारा पगड़ी, अंगवस्त्र, गंगाजलि, रूद्राक्ष माला एवं सम्मान-पत्र भेटकर कर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे राजपूत पंचायत धर्मशाला के ट्रस्टी अध्यक्ष राजीव सिंह ने कहा कि क्षत्रिय एवं राजपूत संगठनों को भी आर्थिक एवं संसाधनों के अभाव से प्रभावित लोगों की मदद के लिए आगे आना चाहिए।
कार्यक्रम का संचालन कर रहे अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा उत्तराखंड के प्रदेश महामंत्री डॉ. शिवकुमार चौहान ने कुश्ती जैसे जोखिम भरे खेल में तकनीक एवं कौशल विकास के साथ खिलाड़ियों को और अधिक अवसर तथा बेहतर सुविद्याएं एवं संसाधन उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर बल दिया।
हिन्दुस्थान समाचार/ रजनीकांत/वीरेन्द्र