सुहाग की रक्षार्थ सुहागिन महिलाओं नें की वट वृक्ष की पूजा

बिहारशरीफ, 6 जून (हि.स)। पति की लंबी उम्र, तरक्की व सफलता के लिए हर सुहागिन महिला पूजा पाठ करती हैं। ईश्वर से सुहाग की रक्षा की कामना करते हुए महिलाएं उपवास भी रखती हैं। उन्हीं में से एक है वट सावित्री व्रत। सुहागिन महिलाओं के लिए ये व्रत बेहद ही खास होता है। इस दिन महिलाएं पूरे विधि-विधान से पूजा करते हुए सभी नियमों का पालन करती हैं। इस दौरान कुछ महिलाएं निर्जला उपवास रखती है। व्रत रखने के साथ-साथ सुहागिनें वट वृक्ष यानी बरगद के पेड़ की भी नियमनुसार पूजा करती हैं।

गुरुवार को बिहारशरीफ शहर के विभिन्न मंदिरों के समीप वट वृक्ष की पूजा एवं आरती वंदना करके पति की लंबी आयु की कामना सुहागिनों ने की। बिहारशरीफ शहर के अलावा नालंदा जिला के सभी अनुमंडल, प्रखंडों व ग्रामीण क्षेत्रों में वट वृक्ष की पूजा श्रद्धा भाव से की गई। माना जाता है कि वट वृक्ष की पूजा करने से पति की लंबी आयु और जीवन में सुख-समृद्धि बनी रहती हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इसमें ब्रह्मा, विष्णु और महेश तीनों देवों का वास होता है। इसलिए व्रत रखने वाली महिलाओं को तीनों देवताओं का आशीर्वाद प्राप्त होता है। सौभाग्यवती भव का आशीर्वाद मिलता है।

ज्योतिषाचार्य दिवाकांत पांडेय बताते हैं कि यदि आपके वैवाहिक जीवन में परेशानियां चल रही हैं तो इस दिन बरगद के पेड़ की पत्ति के साथ 21 परिक्रमा लगानी चाहिए।इसके अलावा बरगद के पेड़ के नीचे घी का दीपक जलाएं ।जिससे मनोकामना पूर्ण होती है।

हिन्दुस्थान समाचार/प्रमोद

/चंदा

   

सम्बंधित खबर