मोदी की गारंटी के एक-एक वादे को पूरा करने का काम सरकार कर रही-विष्णुदेव साय

रायपुर, 10 जुलाई (हि.स.)।भाजपा में संगठन ही सर्वोपरि है और संगठन की वजह से ही मजबूत सरकार बनी है।पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम, रायपुर में बुधवार को आयोजित भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने यह बात कही।उन्होंने कहा कि संगठन के वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन और कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम से हमने प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाई है। मोदी की गारंटी के एक-एक वादे को पूरा करने का काम हमारी सरकार कर रही है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि विधानसभा और लोकसभा में बड़ी जीत के बाद आज की इस वृहद् कार्यसमिति बैठक में शामिल सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं का स्वागत है।आप सभी लोगों को मालूम है कि विधानसभा चुनाव के छह माह पहले हमारी क्या स्थिति थी, कांग्रेस हम लोगो को गिनती नहीं थी। हमारे कार्यकर्ता भी थोड़े परेशान थे, लेकिन फिर केंद्रीय नेतृत्व ने धीरे-धीरे हमे मज़बूत किया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि हमारे प्रभारीगण के केंद्रीय नेतृत्व ने हम लोगों को सरकार बनाने की हिम्मत प्रदान की। हमारे नेताओं ने प्रदेश के एक-एक गांव तक पहुंचकर कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया। हमारे देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रदेश आकर नारा दिया और पूरा माहौल बदल गया और हमने दोनों चुनावों में सफलता हासिल की।जिसका सीधा-सीधा श्रेय हमारे देव तुल्य कार्यकर्ताओं को जाता है।सीएम साय ने कहा कि हमने न सिर्फ राज्य में सरकार बनाई बल्कि छत्तीगढ़ की जनता का भरोसा भी जीता है।चुनाव के समय हमने कई दौरे किये और इस दौरान किए गए कई वादों को समय से पहले पूरा किया है और जो वादे रह गए है उन्हें जल्द पूरा किया जाएगा। हम गैस सिलेंडर 500 रुपये में देने का वादा पूरा करेंगे।

सीएम साय ने कहा कि हमारी सरकार भ्रष्टाचार के मामलो में जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रही है। पूर्व की कांग्रेस सरकार में शराब घोटाले जिस कारण हुए उसे हमने बदल दिया है। कोयला से सम्बंधित गतिविधियों के लिए हमने ऑफलाईन सिस्टम हटाकर ऑनलाइन प्रक्रिया लागू की है।पिछली सरकार ने जितने भी भ्रष्टाचार किए है। शराब शराब, कोयला घोटाला, महादेव ऑनलाइन बैटिंग ऐप जैसे घोटाले हुए उसे ज़ीरो टॉलरेंस में रखा गया है।नक्सल समस्या को लेकर उन्होंने कहा कि हमारे गृहमंत्री के साहस की वजह से प्रदेश में नक्सलवाद के ख़िलाफ बहुत बड़ी लड़ाई चल रही है। अब तक 140 से अधिक हार्डकोर नक्सलियों को सुरक्षाबलों ने मार गिराया है। हमारी योजनाओं से प्रभावित होकर बहुत से नक्सली आत्मसमर्पण कर रहे है।

मुख्यमंत्री होने के नाते मैं आश्वस्त करता हूं कि हमारी सरकार जनता और भाजपा कार्यकर्ताओं की उम्मीदों पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेगी और प्रदेश में सुशासन का राज स्थापित करेगी।सरकार और संगठन के समन्वय व जनता के सहयोग से हम विकसित भारत-विकसित छत्तीसगढ़ का मार्ग प्रशस्त कर रहे हैं।

आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए प्रदेश भाजपा संगठन और समस्त कार्यकर्ताओं का हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं, अभिनंदन करता हूं।

उल्लेखनीय है कि राजधानी के दीनदयाल ऑडिटोरियम में बुधवार को छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक हुई। जिसमें केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, डिप्टी सीएम अरुण साव, विजय शर्मा और प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव समेत साय केबिनेट के मंत्री और प्रदेशभर से आए 1500 से ज्यादा नेता-कार्यकर्ता शामिल हुए। मीटिंग में नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव को लेकर रणनीति बनाई गई।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा / गायत्री प्रसाद धीवर

   

सम्बंधित खबर