मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से मिले वंचित बहुजन आघाड़ी के अध्यक्ष प्रकाश अंबेडकर

मुंबई, 05 जुलाई (हि.स.)। वंचित बहुजन आघाड़ी के अध्यक्ष प्रकाश अंबेडकर ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से उनके शासकीय आवास पर मुलाकात की। इस बैठक में मुख्यमंत्री शिंदे और प्रकाश अंबेडकर के बीच विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।

इस बैठक के बाद प्रकाश अंबेडकर ने पत्रकारों को बताया कि मुख्यमंत्री ने उनकी अधिकांश मांगों को मान लिया है। अंबेडकर ने कहा कि नागपुर में स्थित दीक्षाभूमि के पास भूमिगत पार्किंग का निर्माण रोकने के लिए आंदोलन किया गया था। इसके बाद उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पार्किंग का काम रोकने का आदेश दिया था, लेकिन पुलिस ने आंदोलनकारियों पर मामला दर्ज किया था। आंदोलनकारियों पर दर्ज मामले वापस लेने और उनकी गिरफ्तारी न करने की मांग मैंने सीएम शिंदे से की थी, जिसे सीएम शिंदे ने मान लिया है। इसी तरह सरकारी अतिक्रमण भूमि धारकों की फसलों की रक्षा के लिए निर्णय लिया है।

उन्होंने बताया कि इसके साथ ही अतिक्रमण किए गए घरों को ध्वस्त न किए जाने का आश्वासन मुख्यमंत्री ने दिया है। महाराष्ट्र में साढ़े चार लाख परिवार अतिक्रमण की गई जमीन पर खेती करते हैं। यह उनकी आजीविका का एक जरिया है। कई जिलों में तो तहसीलदार, ग्राम पंचायत या कलेक्टर ने फसल नष्ट करने की नोटिस दे दिया है। प्रकाश अंबेडकर ने कहा कि कि मूलत: फसल नष्ट करना कानूनन अपराध है।

हिन्दुस्थान समाचार/राजबहादुर/सुनीत

   

सम्बंधित खबर