उत्तर प्रदेश में 13 जुलाई तक बारिश की संभावना

कानपुर, 8 जुलाई (हि.स.)।उत्तरी पूर्वी हवाओं से तापमान बढ़ गया है जिससे उत्तर प्रदेश के लोगों को उमस भरी गर्मी परेशान करने लगी है। मौसम विभाग का कहना है कि आगामी 13 जुलाई तक हल्की से मध्यम व भारी बारिश स्थानीय स्तर पर होती रहेगी।

चंद्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर एसएन सुनील पांडे ने सोमवार को बताया कि मानसून की अक्षय रेखा समुद्र तल पर बीकानेर, सीकर, ग्वालियर, सीधी, डाल्टनगंज, कोंटाई और फिर पूर्व-दक्षिण-पूर्व की ओर उत्तर पूर्व बंगाल की खाड़ी से होकर गुज़र रही है। पश्चिमी विक्षोभ एक चक्रवाती परिसंचरण के रूप में उत्तरी पाकिस्तान और आस-पास के इलाकों में 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर है, जिसमें मध्य क्षोभमंडलीय पश्चिमी हवाओं में एक द्रोणिका है, जिसकी धुरी समुद्र तल से 5.8 किलोमीटर ऊपर लगभग 72 डिग्री पूर्व देशांतर के साथ 32 डिग्री उत्तरी अक्षांश के उत्तर में बनी हुई है। उत्तर-पूर्व राजस्थान पर एक चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 4.5 किलोमीटर ऊपर तक फैला हुआ है। उत्तर-पूर्व असम और आस-पास के इलाकों पर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। दक्षिण गुजरात तट से केरल तट तक एक द्रोणिका फैली हुई है।

ऐसे में अगले 24 घंटों के दौरान, उत्तर-पूर्वी उत्तर प्रदेश, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में मध्यम से भारी बारिश संभव है।

उत्तर बिहार, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, विदर्भ, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, तटीय कर्नाटक, कोंकण और गोवा, दक्षिण ओडिशा, केरल और तटीय आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। हिमाचल प्रदेश, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, लक्षद्वीप, पूर्वोत्तर भारत, झारखंड, राजस्थान, मराठवाड़ा, मध्य महाराष्ट्र, पूर्वी गुजरात और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, लद्दाख, रायलसीमा, मध्य महाराष्ट्र, तेलंगाना, उत्तर आंतरिक कर्नाटक और तमिलनाडु में हल्की बारिश संभव है।

उन्होंने बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 34.4 और न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 89 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 64 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पूर्व रही जिनकी औसत गति 6.4 किलोमीटर प्रति घंटा रही। आगामी 5 दिनों तक उत्तर प्रदेश के आसमान में बादल छाए रहेंगे और स्थानीय स्तर पर हल्की से मध्यम व भारी बारिश की संभावना है।

हिन्दुस्थान समाचार / अजय सिंह

   

सम्बंधित खबर