जम्मू-कश्मीर के कठुआ में हुए आतंकी हमले में नई टिहरी और टिहरी के सपूतों का बलिदान, शोक व्याप्त

नई टिहरी, 09 जुलाई (हि.स.)। जनपद के जाखणीधार ब्लॉक के चौंड-जसपुर निवासी लांस नायक विनोद सिंह (33) जम्मू-कश्मीर के कठुआ में हुए आतंकी हमले में देश की खातिर सर्वोच्च बलिदान दिया है। उनकी शहादत पर जिलेभर में शोक की लहर छा गई। उनके पैतृक गांव चौंड-जसपुर में कोहराम मचा हुआ है। इस आतंकी हमले में टिहरी जिले के निवासी राइफलमैन आदर्श नेगी भी शहीद हुये हैं।

चौंड-जसपुर के ग्राम प्रधान कीर्ति सिंह कुमाईं ने कहा कि वीर सिंह भंडारी और शशि देवी के पुत्र विनोद 10वीं गढ़वाल राइफल में तैनात थे। वर्तमान में उनका परिवार टिहरी बांध विस्थापित क्षेत्र भानियावाला देहरादून में रहता है। विनोद वर्ष 2011 में सेना में भर्ती हुए थे। तीन बहनों का विनोद इकलौता भाई था। विनोद के पिता वीर सिंह भंडारी भी सेना से सेवानिवृत्त हैं। उनकी मां शशि देवी पत्नी नीमा देवी सहित नाते-रिश्तेदारों और गांव के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्राम प्रधान ने कहा कि शहीद विनोद का 4 साल का पुत्र और 4 माह के पुत्री है। डेढ़ माह पहले ही वह अपनी बेटी को देखने घर आए थे। उनकी शहादत की सूचना मिलते ही गांव के लोग भानियावाला के लिए रवाना हो गए।

टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय ने जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में भारत के 5 सैनिकों के बलिदान पर शोक संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि इन सैनिकों ने अपना वर्तमान हमारी सुरक्षा और सुरक्षित भविष्य के लिए सर्वोच्च बलिदान दे दिया। इनके बलिदान पर वह भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। साथ ही कहा कि सरकार उनके परिवारों के साथ हमेशा खड़ी रहेगी।

सैनिक की शहादत पर शोक जताने वालों में ब्लॉक प्रमुख सुनीता देवी, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश नौटियाल, पूर्व मंत्री दिनेश धनै, पूर्व विधायक धन सिंह नेगी, पूर्व प्रमुख बेबी असवाल, कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश राणा, पूर्व जिलाध्यक्ष शांति प्रसाद भट्ट, प्रदीप भट्ट, रमेश कुमाईं, मेहरबान सिंह रावत, उदय रावत, अमर सिंह, जिपंस विनोद बिष्ट, कृष्णा भट्ट आदि शामिल रहे।

इस हमले में टिहरी जिले के कीर्तिनगर ब्लॉक के थाती डागर गांव के रहने वाले 26 वर्षीय आदर्श नेगी ने भी शहादत दी है। उनके पिता दलबीर सिंह नेगी गांव में ही खेतीबाड़ी का कार्य करते हैं। बताया जा रहा है कि आदर्श ने 12वीं तक की पढ़ाई राजकीय इंटर कॉलेज पिपलीधार से हुई। 2019 में वह गढ़वाल राइफल्स में भर्ती हुए थे। गढ़वाल विश्वविद्यालय से बीएससी की परीक्षा पास की थी। आदर्श तीन भाई बहन में सबसे छोटे थे। उनकी बहन की शादी हो चुकी है और भाई चेन्नई में नौकरी करता है। वह इसी साल फरवरी में अपने ताऊ के लड़के की शादी में घर आए थे। सोमवार देर रात उनके बलिदान होने की खबर परिजनों को दी गई। यह जानकारी मिलते ही उनके घर में मातम छाया हुआ है।

समाप्त

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप डबराल / चन्द्र प्रकाश सिंह

   

सम्बंधित खबर