रुई के गोदाम में लगी भीषण आग, दो किलाेमीटर दूर तक दिखा काला धुआं
- Admin Admin
- May 22, 2025

जोधपुर, 22 मई (हि.स.)। पीपाड़ सिटी शहर के पुराना नगर पालिका रोड पर स्थित एक रुई गोदाम और बिस्तर-पतने निर्माण कारखाने में गुरुवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि दो किलोमीटर दूर से काले धुएं का गुबार साफ नजर आ रहा था। घटना से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार इस्लामुद्दीन पठान के रुई गोदाम और बिस्तर-पतने निर्माण कारखाने में आग लगी थी। स्थानीय लोगों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नगर पालिका और दमकल विभाग को तुरंत सूचना दी। सूचना मिलते ही पीपाड़ नगर पालिका की दो दमकल गाडिय़ां मौके पर पहुंचीं और कर्मचारियों ने युद्धस्तर पर आग पर काबू पाने का अभियान शुरू किया। रुई और बिस्तर सामग्री अत्यधिक ज्वलनशील होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई, जिससे दमकलकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। कई घंटे की कोशिशों के बाद स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया जा सका। इस दौरान आसपास के क्षेत्र को खाली कराया गया और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। स्थानीय प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और प्राथमिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। आग से गोदाम और कारखाने में भारी नुकसान होने की संभावना है, हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश