बीस शहरों का रात का पारा बीस से नीचे, पाली की रात सबसे सर्द
- Admin Admin
- Oct 09, 2025
जयपुर, 9 अक्टूबर (हि.स.)। प्रदेश में गुलाबी सर्दी ने दस्तक देना शुरू कर दिया है। प्रदेश के 20 शहरों का रात का पारा 20 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। 15.2 डिग्री सेल्सियस के साथ पाली की रात सबसे सर्द रही। 35.4 डिग्री के साथ बाड़मेर का दिन और 24.2 डिग्री के साथ फलौदी की रात सबसे गर्म रही। गुरुवार को दिनभर धूप खिली। इससे प्रदेश के अधिकांश शहरों में दिन के पारे में मामूली बढ़ोतरी तो वहीं रात के पारे में गिरावट दर्ज की गई।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि अगले 5 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 4-6 डिग्री तक की वृद्धि होने और न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने की संभावना है। राज्य के अधिकांश भागों में आगामी दो सप्ताह के दौरान मौसम शुष्क रहने की प्रबल संभावना है। बुधवार को राज्य में न्यूनतम व अधिकतम तापमान में सामान्य से 3-4 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है। जयपुर के दिन के पारे में बढ़ोतरी और रात के पारे में गिरावट दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 29.5 और न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री दर्ज किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश



