नेपाल के काकरभिट्टा में भारतीय नागरिक गिरफ्तार, 570 ग्राम सोना और विदेशी मुद्रा बरामद

सुपौल, 19 मई (हि.स.)। नेपाल के झापा जिले स्थित इलाके में नेपाल एपीएफ (आर्म्ड पुलिस फोर्स) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक भारतीय नागरिक को भारी मात्रा में सोना और विदेशी करेंसी के साथ गिरफ्तार किया है। नेपाली मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार यह कार्रवाई मेचिनगर क्षेत्र में की गई।

गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान परम पाठक केे रूप में हुई है, जिसकी उम्र 39 वर्ष बताई जा रही है। नेपाल एपीएफ के डीएस शैलेंद्र थापा के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान आरोपी के पास से 570 ग्राम सोना बरामद किया गया। इसके अलावा तलाशी में 20 हजार अमेरिकी डॉलर, 85 हजार 410 भारतीय रुपये, एक भारतीय आधार कार्ड, अलग-अलग ब्रांड के दो मोबाइल फोन, एक हार्ड डिस्क, एक बैंक चेकबुक और सात सिम कार्ड भी जब्त किए गए हैं।

नेपाल पुलिस और एपीएफ की टीम पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। बरामद सामान और विदेशी मुद्रा के स्रोत के साथ-साथ संभावित नेटवर्क को लेकर भी पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।

   

सम्बंधित खबर