तीन अवैध कॉलोनियों पर चला पीला पंजा, एडीए ने ढहाए निर्माण

भास्कर न्यूज | अमृतसर अमृतसर विकास प्राधिकरण (एडीए) के रेगुलेटरी विंग ने थाना कंबो की पुलिस की मौजूदगी में तीन नई बन रही अनधिकृत (अवैध) कॉलोनियों के खिलाफ तोड़-फोड़ की कार्रवाई की है। यह कार्रवाई गांव कंबो रामतीर्थ रोड, गांव खैराबाद मीरनकोट चौक के पास और गांव डालम अजनाला रोड में विकसित की जा रही कॉलोनियों में की गई, जहां अवैध निर्माण कार्यों को ध्वस्त कर दिया गया। जिला नगर योजनाकार ने बताया कि इन कॉलोनियों के डेवलपर्स को पहले काम रोकने के नोटिस दिए गए थे, लेकिन निर्माण जारी रहने पर यह कार्रवाई की गई। गांव कंबो और गांव डालम में पहले भी तोड़-फोड़ की गई थी, लेकिन डेवलपर्स ने फिर से अवैध निर्माण शुरू कर दिया था, जिसे दोबारा ढहा दिया गया है। अब ज़मीन मालिकों और कॉलोनी डेवलपर्स के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस को लिखा जा रहा है। एडीए ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी कॉलोनी में प्लॉट खरीदने या निर्माण करने से पहले विभाग से मंज़ूरी की जांच ज़रूर कर लें ताकि आर्थिक नुकसान से बचा जा सके।

   

सम्बंधित खबर