पैगम्बर साहब पर कथित टिप्पणी से नाराज मुस्लिम समाज:अमृतसर में जुमे की नमाज के बाद प्रदर्शन, नाजिया इलाही को गिरफ्तारी करने की मांग

पंजाब में मुस्लिम समुदाय ने कलकत्ता निवासी नाजिया इलाही खान द्वारा पैगम्बर साहब के खिलाफ की गई कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन मजलिस अहरार इस्लाम ए हिंद के राष्ट्रीय अध्यक्ष और शाही इमाम पंजाब हजरत मोलाना उस्मान रहमानी लुधियानवी की अपील पर पूरे राज्य में आयोजित किया गया। अमृतसर में भी जुमे की नमाज के बाद शहर की विभिन्न मस्जिदों में नाजिया खान के खिलाफ रोष व्यक्त किया गया। अमृतसर के हाल बाजार स्थित मस्जिद सिकंदर खान में मजलिस अहरार के प्रधान अब्दुल नूर की अगुवाई में मुस्लिम समाज के लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। समुदाय ने मांग की कि नाजिया नामक इस महिला को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और उसे कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। इस अवसर पर मजलिस अहरार प्रधान अब्दुल नूर ने कहा कि पिछले कुछ समय से लगातार कुछ शरारती तत्व एक एजेंडे के तहत समाज में नफरत फैलाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार द्वारा ऐसे लोगों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिसके कारण इन तत्वों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं। नूर बोले- शरारती तत्व आपत्तिजनक टिप्पणियां कर रहे हैं नूर ने आगे कहा कि ये शरारती तत्व अब खुलेआम पीर-पैगम्बरों और धार्मिक हस्तियों के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणियां कर उनका अपमान कर रहे हैं। उन्होंने सरकार पर 'सबका साथ सबका विकास' के नारे के बावजूद ऐसे तत्वों को फलने-फूलने देने का आरोप लगाया। नूर ने नाजिया की गिरफ्तारी और सख्त सजा की मांग दोहराई, ताकि अन्य शरारती तत्वों को भी सबक मिल सके। उन्होंने बताया कि सोमवार को सभी धर्मों के लोगों के साथ मिलकर डिप्टी कमिश्नर अमृतसर को एक ज्ञापन सौंपा जाएगा, ताकि ऐसे शरारती तत्वों पर लगाम लगाई जा सके। इसी क्रम में, छेहरटा स्थित मस्जिद दीन मोहम्मद में ऑल मुस्लिम वेलफेयर सोसाइटी के चेयरमैन मानिक अली की अगुवाई में भी विरोध प्रदर्शन किया गया। मानिक अली ने भी नाजिया इलाही पर सख्त कार्रवाई की मांग की। वहीं, नूर मस्जिद में इमाम हिफजुररहमान की अगुवाई में मुस्लिम समाज के लोगों ने अपना रोष व्यक्त किया। मजीठा मस्जिद के इमाम के अगुवाई में सख्त कार्रवाई की मांग मजीठा मस्जिद के इमाम और मजलिस अहरार के देहाती प्रधान हाफिज मोलाना इरशाद साहब की अगुवाई में भी नाजिया खान के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई। इस मौके पर ह्यूमन राईट कोंसिल प्रधान खुर्शीद अहमद ने भी सरकार से मांग की के ऐसे शरारती तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाए। इस मौके पर मस्जिद दीन मोहम्मद छेहरटा के प्रधान जुनेद खान इमाम अब्दुल सबूर कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के पूर्व महासचिव रईस अहमद आल मुस्लिम वैलफेयर सोसाइटी के सैक्टरी नफीस अहमद मुस्तफा अहमद मुआज रहमान रिजवान मोलाना अब्दुल खालिक कासमी आदि मोजूद थे।

   

सम्बंधित खबर