हिमाचल-फायरिंग-केस: गोली-चलाने वाले की मां-बोली— बचाव में चलाई-गोली वरना मार-देते:दादी ने कहा—अगले दिन लौटने का बोला था, एक-महीने पहले हुई थी सगाई
- DSS Admin
- Jun 03, 2026
हिमाचल प्रदेश के मशहूर पर्यटन स्थल कसोल में हुई फायरिंग की घटना के बाद अब गोली चलाने वाले पंजाब के तरनतारन के मनप्रीत सिंह की मां और दादी मीडिया के सामने आई हैं। उन्होंने अपने बेटे का पक्ष रखते हुए कहा कि मनप्रीत ने गोली अपनी सुरक्षा के लिए चलाई। मनप्रीत की मां ने बताया कि उनका बेटा शुक्रवार को घर से निकला था। उनके अनुसार, कसोल में कुछ लोगों ने मनप्रीत और उसके साथियों को घेर लिया था और उनके साथ मारपीट की जा रही थी। मां का कहना है कि यदि उस समय मनप्रीत अपनी सुरक्षा के लिए फायरिंग नहीं करता तो सामने मौजूद लोग उसे और उसके साथियों को मार देते। उन्होंने कहा कि उनके बेटे ने केवल आत्मरक्षा में गोली चलाई थी। वहीं मनप्रीत की दादी ने बताया कि वह घर से यह कहकर गया था कि वह मणिकर्ण गुरुद्वारा साहिब के दर्शन करने जा रहा है और अगले दिन वापस लौट आएगा। परिवार ने पूरे मामले में निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा है कि उन्हें न्याय मिलना चाहिए। मनप्रीत सिंह तरनतारन जिले के मियानी गांव का रहने वाला है और अधिकांश समय अमृतसर में अपने निजी होटल के कामकाज में व्यस्त रहता था। परिवार में उसकी माता रजवंत कौर जो दिव्यांग है और दादी दर्शन कौर हैं। उसके पिता का कई वर्ष पहले निधन हो चुका है। परिजनों के अनुसार, मनप्रीत परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य है। उसकी माता ने बताया कि करीब एक महीने पहले ही उसकी सगाई हुई थी। जानकारी के अनुसार, घटना के समय मनप्रीत सिंह अपने साथ सुखमनदीप सिंह (फिरोजपुर), अरमानदीप सिंह (तरनतारन), करनदीप (बटाला) और तमनदीप (बटाला) के साथ मौजूद था। गौरतलब है कि शनिवार को कसोल में स्थानीय युवकों और पंजाब से आए पर्यटकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि एक पर्यटक मनप्रीत सिंह ने पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी। गोली एक स्थानीय युवक की टांग में लगी, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मामले में पंजाब से आए 5 पर्यटकों को गिरफ्तार कर लिया, कुल्लू पुलिस का कहना है कि फायरिंग करने वाले आरोपी को भी हिरासत में ले लिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। हालांकि सुखमनदीप सिंह (फिरोजपुर) नाबालिग होने के कारण उसकी जमानत हो चुकी है।

