बेरोजगार लाइनमैनों पर लाठीचार्ज का विरोध

भास्कर न्यूज | अमृतसर पटियाला में बेरोजगार लाइनमैन युवकों पर पंजाब सरकार के आदेशों के तहत कथित तौर पर किए गए बल प्रयोग के विरोध में बीकेयू एकता उगराहां के आह्वान पर राज्य के कई गांवों में पंजाब सरकार के पुतले फूंके गए। इस दौरान अमृतसर के जेठूवाल, भकना, भिट्टेवड, सांघणा और भकना कलां आदि गांवों में भारी रोष प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान इकट्ठा हुए लोगों ने डॉ. परमिंदर सिंह पंडोरी और कुलबीर सिंह जेठूवाल के नेतृत्व में पंजाब सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पुतला फूंक कर घटना की कड़े शब्दों में निंदा की। प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि बेरोजगार युवाओं के साथ हुए इस कथित दुर्व्यवहार की निष्पक्ष जांच कराई जाए और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। नेताओं ने कहा कि रोजगार के लिए शांतिपूर्ण आवाज उठा रहे युवाओं पर सख्ती जायज नहीं है। उन्होंने सरकार से मांगें मानने की अपील की। नेताओं ने कहा कि एक तरफ आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल देश के युवाओं को केंद्र की नीतियों व पेपर लीक के खिलाफ सड़कों पर उतरने की अपील करते हैं, दूसरी तरफ पंजाब में अपने हक के लिए धरना दे रहे युवाओं पर अमानवीय तशद्दुद किया गया। उन्होंने पंजाब और केंद्र की नीतियों को जनविरोधी बताया और चेतावनी दी कि सरकार जायज मांगों का हल करे, वरना विरोध का सामना करने के लिए तैयार रहे।

   

सम्बंधित खबर