एसजीपीसी की आपात बैठक आज:बेअदबी कानून में संशोधन नहीं हुआ तो सिंह साहिबान की बैठक में लेंगे फैसला: गड़गज्ज

जागत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार कानून-2026 की वापसी आैर संशोधन न करने के फैसले से पंजाब सरकार और श्री अकाल तख्त साहिब में ऑपरेशन ब्लू स्टार की बरसी (6 जून) के बाद टकराव बढ़ सकता है। यह संकेत जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज के बाबा बकाला साहिब में आयोजित पंथक कॉन्फ्रेस में दिए गए बयान से मिल रहे हैं। सिख संप्रदायों, जत्थेबंदियों, बुद्धिजीवियों ने एक सुर में कहा कि बेअदबी के दोषियों को सख्त सजा देने पर किसी को आपत्ति नहीं है, पर एक्ट की कुछ धाराएं सिख धार्मिक मामलों में सरकारी दखल के समान हैं, जिन्हें तुरंत हटाया जाए। जत्थेदार गड़गज्ज ने एक्ट को ‘मीठा जहर’ बताया और कहा कि जल्द बेअदबी कानून में संशोधन नहीं हुआ तो सिंह साहिबान की बैठक में फैसला लेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि 2015 के बेअदबी मामलों में भी अभी तक जिम्मेदारों पर निर्णायक कार्रवाई नहीं हुई है। गड़गज्ज ने कहा कि सरकार को पहले ही 15 दिन का समय दिया है, लेकिन सिख संगठनों की आपत्तियों पर कोई बातचीत नहीं हुई। उन्होंने कहा कि घल्लूघारा शहीदी सप्ताह के बाद पांच सिंह साहिबानों की बैठक बुलाकर आगे की रणनीति तय की जाएगी। वहीं, दूसरा फैसला सीएम भगवंत मान, स्पीकर कुलतार सिंह संधवां समेत मंत्रिमंडल को तलब कर तनखाहिया करार दिया जा सकता है। भाई हरनाम सिंह खालसा ने कहा कि सरकार टकराव के मार्ग पर चल रही है। एसजीपीसी प्रधान हरजिंदर सिंह धामी ने पारित प्रस्ताव में कानून को नामंजूर कर एतराज योग्य धाराओं में संशोधन करने की मांग की। एसजीपीसी कार्यकारिणी की बैठक 1 जून को तेजा सिंह समुद्री हाल में सुबह 11 बजे होगी। इसमें पंथक कॉन्फ्रेंस में पारित किए गए प्रस्ताव पर कार्यकारिणी सदस्य अपनी मोहर लगाएंगे।

   

सम्बंधित खबर