कोटकपूरा में पड़ोसी दुकानदार से विवाद में चलाई गोली:दुकान के बाहर टाइलें लगाने को लेकर हुआ झगड़ा,गन हाउस मालिक पर केस दर्ज

फरीदकोट जिले के थाना सिटी कोटकपूरा के तहत जैतो रोड पर दो दुकानदारों के बीच फायरिंग का मामला सामने आया है। पड़ोसी दुकानदार के साथ जगह के मामूली विवाद को लेकर गन हाउस मालिक ने अपनी पिस्टल से फायरिंग कर दी। इस में पीड़ित दुकानदार और उनका बेटा बाल-बाल बच गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है। महज 6 इंच जगह के लिए शुरू हुआ था विवाद पुलिस को दी गई शिकायत में जैतो रोड पर साइकिल की दुकान चलाने वाले संजय कुमार ने बताया कि उनकी दुकान के बिल्कुल साथ गुरबचन सिंह टोनी का गन हाउस है। रविवार को गुरबचन सिंह अपनी दुकान के आगे टाइल्स लगवा रहा था। उसने संजय कुमार की दुकान के सामने की करीब छह इंच जगह पर टाइल्स लगाने लगा। उसने (संजय कुमार) और बेटे माधव ने इसका विरोध किया तो बहस शुरू हो गई गुस्से में निकाली पिस्टल; थड़ी में लगी गोली, सहमा परिवार शिकायत के अनुसार, बहसबाजी के दौरान आरोपी गुरबचन सिंह टोनी अचानक आपा खो बैठा और उसने अपनी पिस्टल निकालकर सीधे फायर कर दिया। गनीमत यह रही कि गोली दुकान के बाहर बनी थड़ी (चबूतरे) में जा लगी, जिससे संजय कुमार और उनका बेटा माधव बाल-बाल बच गए। फायरिंग होते ही बाजार में हड़कंप मच गया और पीड़ित पिता-पुत्र डर के मारे अपनी दुकान के अंदर छिप गए। आरोप है कि इसके बाद भी आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकियां देता रहा। पीड़ित परिवार ने बताया कि इस खौफनाक वारदात के बाद से उनके घर में दहशत का माहौल है और वे न्याय की गुहार लगा रहे हैं। “कानून हाथ में लेने वाले को बख्शा नहीं जाएगा” घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तफ्तीश शुरू कर दी है। इस संबंध में जानकारी देते हुए डीएसपी संजीव कुमार ने कहा कि शिकायतकर्ता संजय कुमार के बयानों के आधार पर गन हाउस मालिक गुरबचन सिंह टोनी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हर पहलू से इस मामले की जांच कर रही है और मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कानून को अपने हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को कतई बख्शा नहीं जाएगा।"

   

सम्बंधित खबर