फाजिल्का में काम से लौट रहे एंबुलेंस चालक को घेरा:10 हजार रुपए और बाइक की चाबी लूटी; मोबाइल लौटाकर फरार हुए बदमाश
- Neha Gupta
- Jun 06, 2026
फाजिल्का के बॉर्डर रोड पर एक निजी एंबुलेंस चालक से लूट की वारदात सामने आई है। बाइक सवार तीन युवकों ने चालक को घेरकर धारदार हथियार के बल पर उससे नकदी और बाइक की चाबी छीन ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। गांव सुरेशवाला निवासी राजिंदरपाल, जो एक निजी एंबुलेंस चालक हैं, ने बताया कि वह काम खत्म करने के बाद बाइक पर अपने घर लौट रहे थे। जब वह फाजिल्का के बॉर्डर रोड स्थित फ्लाईओवर के पास पहुंचे, तभी बाइक पर सवार तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने धारदार हथियार दिखाकर उनसे करीब 10 हजार रुपये की नकदी और बाइक की चाबी छीन ली। पीड़ित बोला- आरोपियों ने मोबाइल छीनने की कोशिश की राजिंदरपाल के अनुसार, आरोपियों ने उनका मोबाइल फोन भी छीनने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने बताया कि वह एंबुलेंस चालक हैं और उन्हें आपातकालीन कॉल प्राप्त होती रहती हैं। यह सुनकर आरोपियों ने मोबाइल वापस कर दिया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि इस क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं लगातार हो रही हैं और लोगों में डर का माहौल है। उन्होंने बताया कि जब आरोपी उन्हें हथियार से धमका रहे थे, तब उन्होंने कहा कि वह उन्हें पहचानते हैं। इसके बाद आरोपियों ने उन पर हमला नहीं किया और लूट की वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। एएसआई सूरज प्रकाश ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

