फाजिल्का डीसी दफ्तर पर तैनात पुलिसकर्मी का मोबाइल उड़ाया:हाई सेक्योरिटी क्षेत्र में वारदात से उठा सवाल, कुछ देर में ही पकड़ा आरोपी
- Neha Gupta
- Jul 05, 2026
फाजिल्का जिला प्रशासनिक परिसर (डीसी कॉम्प्लेक्स) के मुख्य गेट पर बनी पुलिस चेक पोस्ट से एक शातिर चोर द्वारा पुलिसकर्मी का ही मोबाइल उड़ाने का मामला सामने आया है। हालांकि, पुलिसकर्मी ने मुस्तैदी दिखाते हुए अपने साथियों की मदद से कुछ ही दूरी पर आरोपी युवक को दबोच लिया और उससे चोरी का मोबाइल बरामद कर लिया। इस घटना से सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। हाई-सिक्योरिटी वाले डीसी कॉम्प्लेक्स के मेन गेट पर, जहां खुद पुलिसकर्मी तैनात रहते हैं, ऐसी चोरी का प्रयास करना चोरों के हौसलों को दर्शाता है। हालांकि, पुलिस की त्वरित कार्रवाई से आरोपी तुरंत सलाखों के पीछे पहुंच गया। मेन गेट पर ड्यूटी कर रहा था, चार्जिंग में लगे फोन को उड़ाया मामले की जानकारी देते हुए पुलिस कर्मचारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि डीसी कॉम्प्लेक्स के मेन गेट पर बनी पोस्ट पर पुलिसकर्मी सुखदेव सिंह की ड्यूटी लगी हुई है। सुखदेव सिंह रोजाना की तरह डीसी और एसएसपी दफ्तर आने-जाने वाले वाहनों की पार्किंग और ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए तैनात थे। इसी दौरान वह लघुशंका (शौचालय) के लिए गए और अपना मोबाइल चेक पोस्ट के अंदर ही चार्जिंग पर लगा गए। शक के आधार पर किया पीछा सुखदेव सिंह के जाते ही वहां मौजूद एक शातिर युवक ने मौका पाकर चेक पोस्ट के अंदर से मोबाइल चोरी कर लिया और उसे अपनी जेब में डालकर खिसक गया। जब सुखदेव सिंह वापस लौटे तो उन्हें मोबाइल गायब मिला। वहां मौजूद अन्य लोगों ने एक युवक पर शक जाहिर करते हुए बताया कि वह अभी-अभी पोस्ट के पास से निकला है। एसडीएम दफ्तर के पास धरा गया आरोपी सजगता दिखाते हुए सुखदेव सिंह ने तुरंत अपने साथी कर्मचारियों की मदद से उक्त संदिग्ध युवक का पीछा किया। आरोपी अभी कुछ ही दूरी पर एसडीएम दफ्तर के गेट के पास पहुंचा ही था कि पुलिस टीम ने उसे घेरकर दबोच लिया। तलाशी लेने पर युवक के पास से चोरी किया गया मोबाइल फोन सुरक्षित बरामद हो गया। पुलिस अब आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

