भास्कर न्यूज | जालंधर जालंधर में बहुजन समाज पार्टी के राज्य अध्यक्ष और पंजाब संभालो मुहिम के प्रमुख डॉ. अवतार सिंह करीमपुरी ने कांग्रेस, अकाली दल, भाजपा और आम आदमी पार्टी पर दलित व पिछड़े वर्गों के प्रति नफरत, जातिसूचक अहंकार और मानसिक गुलामी थोपने के आरोप लगाए। बसपा के राज्य कार्यालय में बुधवार को मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि परंपरागत दलों के नेताओं ने समय-समय पर अनुसूचित जाति समाज का अपमान कर यह दिखाया है कि उनके भीतर मानस की जात सबे एकै पहचानबो जैसी समानता की सोच के लिए स्थान नहीं है। डॉ. करीमपुरी ने पुराने और मौजूदा विवादित बयानों का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने विधानसभा के भीतर एक दलित विधायक के संदर्भ में आपत्तिजनक शब्दावली का प्रयोग किया। आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी सरकार ने एडवोकेट जनरल कार्यालय में एससी कोटे के वकीलों को अयोग्य बताकर भर्ती से इनकार किया। मौके पर तीरथ महिरा राजपुरा, बलविंदर कुमार एडवोकेट, इंजी. जसवंत राय, परमजीत मल्ल और सलविंदर कुमार मौजूद रहे।

