भास्कर न्यूज | जालंधर रेडक्रॉस स्कूल के विशेष जरूरतों वाले 24 विद्यार्थियों ने जालंधर के लिधड़ां स्थित केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 245वीं बटालियन के परिसर का शैक्षिक दौरा किया। विद्यार्थियों के साथ जिला रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव डॉ. सुरजीत लाल और विद्यालय के पांच शिक्षक मौजूद रहे। बटालियन के कमांडेंट ब्रिज लाल, दूसरे कमान अधिकारी अरविंद नंदा, उप कमांडेंट विशाल विग तथा उप कमांडेंट परवीण कुमार के नेतृत्व में विद्यार्थियों को कैंप के विभिन्न हिस्सों का भ्रमण कराया गया। इस अवसर पर जिला रेड क्रॉस सोसाइटी के अंतर्गत अलग-अलग पाठ्यक्रमों में इंटर्नशिप कर रहे शिक्षार्थी भी शामिल रहे। दौरे के दौरान विद्यार्थियों को सीआरपीएफ की दैनिक कार्यप्रणाली, ऑपरेशन संबंधी तैयारियों, प्रशिक्षण व्यवस्था और बल में उपलब्ध करियर अवसरों की जानकारी दी गई।

