भास्कर न्यूज | जालंधर भारत विकास परिषद मुख्य शाखा के अध्यक्ष पवन कुमार गर्ग की अध्यक्षता में सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत प्रेरणादायक सेवा प्रकल्प के अंतर्गत सर्वप्रथम गौ माता को हरा चारा एवं गुड़ खिलाकर गौ सेवा की। परिषद के सदस्यों ने भारतीय संस्कृति में गौ सेवा के महत्व को स्मरण करते समाज से भी इस पुण्य कार्य में सहभागी बनने का आह्वान किया। उपरांत पुलिस लाइन स्थित "पीपल फॉर एनिमल’ संस्था में जाकर बेसहारा, बेजुबान एवं बीमार पशुओं की सेवा हेतु सहयोग राशि भेंट की। परिषद की दानराशि संस्था में उपचाररत बीमार एवं घायल पशुओं के इलाज, देखभाल और जरूरी सेवाओं में उपयोग होगी। सेवा प्रकल्प के प्रमुख अशोक शर्मा ने कहा कि गौ सेवा एवं मूक प्राणियों की सेवा भारतीय संस्कृति की महान परंपरा है। हर व्यक्ति को समय-समय पर गौ माता तथा बेसहारा पशुओं की सेवा के लिए आगे आना चाहिए। मानवता का वास्तविक स्वरूप तभी सार्थक होता है जब हम अपने साथ-साथ उन बेजुबान प्राणियों के प्रति भी संवेदनशील रहें, जो अपनी पीड़ा स्वयं व्यक्त नहीं कर सकते। भारत विकास परिषद सेवा पखवाड़ा के माध्यम से समाज में सेवा, संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को सशक्त करने का कार्य कर रही है तथा परिषद के सदस्य निरंतर विभिन्न सेवा प्रकल्पों के माध्यम से समाजहित में अपनी सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं। कार्यक्रम में शाखा के पर्यावरण प्रमुख अनिल शर्मा, शाखा के वरिष्ठ सदस्य जय देव मल्होत्रा समेत अनेक परिषद सदस्यों ने सहभागिता निभाई। अंत में शाखा के कोषाध्यक्ष संजीव गंभीर ने सभी सदस्यों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार जताया।

