जालंधर में अमृतसर के सिविल सर्जन का एक्सीडेंट:ट्रक ने टक्कर मारी, मां से मिलने आए थे; बस का कर रहे थे इंतजार
- Neha Gupta
- Jun 05, 2026
जालंधर के पीएपी चौक पर शुक्रवार सुबह अमृतसर के सिविल सर्जन डॉ. सतिंदरजीत सिंह बजाज को ट्रक ने टक्कर मार दी। वे अपनी मां से मिलने के बाद अमृतसर लौटने के लिए बस का इंतजार कर रहे थे। हादसे में उन्हें कई जगह चोटें आई हैं। उन्हें जोशी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत खतरे से बाहर है, लेकिन फिलहाल चिंताजनक बनी हुई है। जानकारी के अनुसार, डॉ. बजाज अपनी मां का हालचाल जानने और उनसे मिलने के लिए जालंधर आए थे। वह अमृतसर में अपनी ड्यूटी पर लौटने के लिए बस का इंतजार कर रहे थे, तभी एक ट्रक की चपेट में आ गए। चश्मदीदों के अनुसार, ट्रक ड्राइवर ने बिना देखे अचानक बैक करना शुरू कर दिया। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिर पड़े। उनकी चीख सुनकर मौके पर मौजूद राहगीरों ने शोर मचाकर ट्रक रुकवाया। इसके बाद घायल डॉक्टर को ट्रक के नीचे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया। फिलहाल ड्राइवर के खिलाफ कार्रवाई चल रही है। हालत स्थिर, लेकिन चिंताजनक हादसे में डॉ. बजाज के शरीर पर कई जगह गहरे जख्म आए और काफी खून बह गया। हालांकि डॉक्टरों की त्वरित कार्रवाई के बाद उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर और स्थिर बताई जा रही है। घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने ट्रक ड्राइवर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

