जालंधर में विश्व साइकिल डे पर साइक्लोथॉन:MBD मॉल से लेकर 5 किमी तक साइकिल चलाई; फिटनेस-स्वस्थ जीवनशैली का दिया संदेश
- Neha Gupta
- Jun 07, 2026
जालंधर में विश्व साइकिल दिवस को लेकर साइक्लोथॉन करवाई गई। MBD मॉल से शुरू हुई साइक्लोथॉन 5 किलोमीटर तक निकली। इसमें बच्चों से लेकर अलग-अलग उम्र के लोगों ने भाग लिया और संडे को साइकिल चलाने का प्रण लिया। साइक्लोथॉन का आयोजन फिट इंडिया, भारतीय खेल प्राधिकरण , खेड भारती पंजाब, जिला साइक्लिंग एसोसिएशन जालंधर एवं साइक्लिंग एसोसिएशन ऑफ पंजाब के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम को मुख्यातिथि जगजीत सिंह सरोआ, एआईजी, पंजाब पुलिस ने झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि एथलेटिक्स कोच सरबजीत सिंह भी उपस्थित रहे। लगभग 5 किलोमीटर की इस साइक्लोथॉन में विभिन्न आयु वर्गों के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जालंधर सहित पंजाब के विभिन्न जिलों से आए साइकिल चालकों तथा अनेक साइक्लिंग समूहों, जिनमें स्काई राइडर्स सहित कई अन्य क्लब शामिल थे, ने अपनी सक्रिय भागीदारी दर्ज करवाई। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों को मेडल, प्रमाण-पत्र, रिफ्रेशमेंट्स एवं टी-शर्ट्स प्रदान किए गए। पूरे आयोजन में प्रतिभागियों का उत्साह देखने योग्य था तथा सभी ने फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। फिटनेस, स्वस्थ जीवनशैली, साइक्लिंग संस्कृति को बढ़ावा देना उद्देश्य साइक्लोथॉन में सिविल सर्जन अस्पताल की टीम द्वारा प्रतिभागियों के लिए हेल्थ फैसिलिटी मुहैया करवाई गई, जबकि पूरे रूट पर पंजाब पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई। आयोजकों ने बताया कि इस साइक्लोथॉन का मुख्य उद्देश्य लोगों को फिटनेस, स्वस्थ जीवनशैली, साइक्लिंग संस्कृति को बढ़ावा देने तथा पर्यावरण संरक्षण एवं सस्टेनेबिलिटी के प्रति जागरूक करना था। खेड भारती पंजाब अपने मूल ध्येय खेलों के माध्यम से चरित्र एवं राष्ट्र निर्माण के अनुरूप समाज में स्वास्थ्य, अनुशासन एवं सकारात्मक जीवन मूल्यों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्यरत है। संडे ऑन साइकिल अभियान बढ़ाने का संकल्प इस अवसर पर संडे ऑन साइकिल अभियान को भी आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया, जिसके माध्यम से प्रत्येक रविवार को अधिक से अधिक लोगों को नियमित साइक्लिंग एवं इसे जीवनशैली बनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। एक सवारी सेहत के नाम के संदेश के साथ प्रतिभागियों ने साइक्लिंग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर अरविंद सिंह राणा, प्रांत अध्यक्ष, खेड भारती पंजाब ने कहा, साइक्लिंग केवल एक गतिविधि नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन की ओर बढ़ाया गया एक सशक्त कदम है। आयोजकों ने विश्वास जताया कि संडे आन साइकिल केवल एक कार्यक्रम न होकर एक जन-आंदोलन का रूप लेगा, जो हर रविवार, हर आयु, हर पंजाबी को स्वास्थ्य, फिटनेस और सक्रिय जीवनशैली से जोड़ने का काम करेगा।

