लापरवाही: खराब पड़ी है मोटर

भास्कर न्यूज | जालंधर बुधवार देर रात हुई भारी बारिश ने शहर के ड्रेनेज सिस्टम और प्रशासन के दावों की पोल खोल कर रख दी है। बारिश के कारण शहर में जगह-जगह जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है, लेकिन सबसे बुरा हाल चंदन नगर अंडरब्रिज का देखने को मिल रहा है। यह अंडरब्रिज बारिश के बाद पूरी तरह से एक तालाब में तब्दील हो गया है, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बीच पानी में बंद हुए दोपहिया वाहन पुल के नीचे इतना ज्यादा पानी भर गया है कि वहां से गुजरना खतरे से खाली नहीं है। पानी के बीच से निकलने की कोशिश में कई दोपहिया वाहन (स्कूटर/मोटरसाइकिल) बीच में ही बंद हो गए, जिन्हें लोगों को धक्के मारकर बाहर निकालना पड़ा। हैरानी की बात यह है कि इस समस्या का मुख्य कारण सिर्फ बारिश नहीं, बल्कि प्रशासन की अनदेखी भी है। गौरतलब है कि चंदन नगर पुल के नीचे पानी की निकासी के लिए लगाई गई मोटर काफी समय से खराब पड़ी है। मोटर काम न करने की वजह से पानी की निकासी बिल्कुल नहीं हो पा रही है और सारा पानी पुल के नीचे जमा हो गया है। रोजाना यहां से गुजरने वाले राहगीरों का कहना है कि हर बार बारिश में यही हाल होता है, लेकिन संबंधित विभाग मोटर ठीक करवाने या ड्रेनेज को सुधारने की कोई सुध नहीं ले रहा है।

   

सम्बंधित खबर