कपूरथला में मानसून की एंट्री:आधे घंटे की बारिश से सड़कें जलमग्न, कई इलाकों में जलभराव; गर्मी से राहत

कपूरथला में शुक्रवार दोपहर बाद मानसून ने दस्तक दी। करीब आधे घंटे की मूसलाधार बारिश से शहर के कई हिस्सों में जलभराव हो गया, जिससे लोगों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश के कारण शहर के निचले इलाकों, बाजारों और मुख्य मार्गों पर पानी जमा हो गया, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ। अचानक हुई तेज बारिश के चलते लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रुकना पड़ा। जलभराव से जामा मस्जिद कॉम्प्लेक्स मार्केट, श्री सत्यनारायण मंदिर बाजार, कोटु चौक, ठंडी सड़क, माल रोड और कचहरी चौक के आसपास के क्षेत्रों के साथ-साथ मॉडल टाउन और उसकी आसपास की कॉलोनियों जैसे पॉश इलाकों में भी पानी भर गया। लोगों को गर्मी से मिली राहत कई क्षेत्रों में मकानों की छतों से पानी टपकने लगा है। समाचार लिखे जाने तक मूसलाधार बारिश जारी थी। हालांकि, इस बारिश से बीते कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से लोगों को बड़ी राहत मिली है। बारिश के बाद तापमान में करीब 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। इससे मौसम सुहावना हो गया। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में भी जिले में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

   

सम्बंधित खबर