लुधियाना| अजीत नगर स्थित जंजघर में सतगुरु कबीर दास जी के प्रकाश उत्सव को समर्पित जाति मुक्त भारत सम्मेलन आयोजित हुआ। कार्यक्रम का आयोजन डा. अंबेडकर यूथ सेना के प्रधान राजकुमार हैप्पी, उप प्रधान अश्वनी कुमार मक्खन, महासचिव विजय सहजल और सलाहकार गुरदीप चावला ने किया। मुख्य अतिथि के तौर पर श्री चरण छोह गंगा श्री खुरालगढ़ साहिब के प्रधान संत सुंदर दास तथा पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग के पूर्व चेयरमैन राजेश बाघा उपस्थित रहे। राजेश बाघा ने संबोधन में कहा कि सतगुरु कबीर जी महाराज ने जीवन भर जाति प्रथा के विरोध में कार्य किया और उनके लिखे दोहे आज भी युवाओं सहित हर व्यक्ति के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने युवाओं से भगवान वाल्मिकी महाराज जी, सतगुरु रविदास जी और सतगुरु कबीर दास जी के बताए मार्ग पर चलकर समानता व मानवता के लिए काम करने की अपील की।

