लुधियाना में कपड़ा कारोबारी ने सुसाइड किया:बेटी को ट्यूशन लेने नहीं पहुंचे तो पता चला, फोन न उठाने पर पड़ोसियों ने लटकते देखा
- DSS Admin
- May 08, 2026
लुधियाना में एक कपड़ा कारोबारी ने फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। कारोबारी कर्ज व लेनदारों के दबाव से तंग था। वह अपने घर में पंखे पर फांसी लगाकर लटक गया। सुसाइड का पता तब चला, जब वह बेटी को ट्यूशन लेने के लिए नहीं गया। पुलिस के मुताबिक मरने वाले कारोबारी का नाम सन्नी कुमार चावला है। बाबा थान सिंह चौक पर ‘वन डे कलेक्शन’ के नाम से रेडीमेड कपड़ों का शोरूम चलाते थे। मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल घर में किसी तरह के क्लेश या फिर नशा-बीमारी जैसी कोई बात सामने नहीं आई है। थाना जमालपुर के एसएचओ सब इंस्पेक्टर दलवीर सिंह ने कहा कि मृतक की उम्र 45 साल थी। पिछले 3 से 4 महीने वह परेशान चल रहा था। उसका कारोबार भी नहीं चल रहा था। परिवार ने किसी पर कोई कार्रवाई नहीं करवाई है। बेटी फोन करती रही, पिता ने फोन नहीं उठाया मृतक के भाई बृजमोहन चावला ने बताया कि सन्नी गुरूवार शाम करीब 4 बजे अपनी 14 साल की बेटी को ट्यूशन छोड़कर आए थे। उन्हें 6 बजे बेटी को वापस लेने जाना था लेकिन जब वह नहीं पहुंचे तो बेटी ने उन्हें फोन किया। सन्नी ने फोन नहीं उठाया। इसके बाद सन्नी की पत्नी ने पड़ोसियों को फोन कर घर जाकर देखने को कहा। जब पड़ोसी घर पहुंचे तो देखा कि मुख्य दरवाजा खुला था और सन्नी का शव पंखे से चुन्नी के सहारे लटक रहा था। लाखों का था कर्ज, लेनदार कर रहे थे परेशान परिजनों के अनुसार सन्नी पर बाजार के लोगों का लाखों रुपये का कर्ज था। लेनदार लगातार पैसे वापस करने का दबाव बना रहे थे। मृतक के भाई ने बताया कि लेनदार कहते थे कि वे पैसे मांगना बंद नहीं करेंगे जिससे सन्नी काफी मानसिक परेशानी में थे। मृतक की पत्नी को इन लेनदारों के नाम और पूरी जानकारी है। मृतक अपने पीछे पत्नी और एक 14 वर्षीय बेटी को छोड़ गया है। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। परिजनों के बयान पर होगी आगे की कार्रवाई ASI गुरमीत सिंह ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति ने फंदा लगा लिया है। शुरुआती जांच में आत्महत्या का कारण पैसों का लेन-देन और कर्ज का तनाव ही सामने आया है। मृतक को किसी प्रकार की कोई बीमारी या नशे की लत नहीं थी और न ही घर में कोई क्लेश था। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। फिलहाल परिजनों की मांग पर पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस का कहना है कि मृतक की पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों के जो भी बयान दर्ज करवाए जाएंगे उसी के आधार पर आगे की उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

