मानसा में दो दिन से सड़कों पर बारिश का पानी:करोड़ों रुपए खर्च होने के बाद भी जल निकासी की व्यवस्था बदहाल, टूट रहीं सड़कें

मानसा शहर में बीते कल हुई बारिश का पानी दूसरे दिन भी सड़कों पर जमा रहने से जिला प्रशासन की जल निकासी व्यवस्था की पोल खुलकर सामने आ गई है। बारिश हुए 24 घंटे से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन शहर के मुख्य मार्गों से पानी की निकासी नहीं हो सकी है। स्थिति इस कदर बदतर है कि खुद मानसा की डिप्टी कमिश्नर नवजोत कौर के आवास के नजदीक भारी जलजमाव हो गया है, जिससे स्थानीय निवासियों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़कों पर कई फीट पानी जमा होने के कारण शहर के मुख्य मार्गों पर लंबा जाम लग रहा है। जलजमाव के चलते दर्जनों दोपहिया और चार पहिया वाहन बीच सड़क पर ही खराब हो रहे हैं। वाहन चालकों को मजबूरन गंदे पानी के बीच उतरकर अपने वाहनों को धक्का लगाकर बाहर निकालना पड़ रहा है। पानी जमा होने से मार्ग हो रहा बदहाल प्रभावित हुआ यह रास्ता कोई आम मार्ग नहीं है, बल्कि यह सिरसा, लुधियाना और चंडीगढ़ को जोड़ने वाला एक बेहद महत्वपूर्ण सड़क मार्ग है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि आम दिनों में भी यहाँ सीवरेज का गंदा पानी जमा रहता है, लेकिन प्रशासन, सरकार या नगर परिषद द्वारा इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए कोई ठोस प्रयास नहीं किए गए। करोड़ों के खर्च पर उठे सवाल, स्थानीय निवासियों में नाराजगी शहर की इस बदहाली को लेकर मानसा के निवासी महेंद्र सिंह, इकबाल सिंह, दर्शन सिंह, हरभजन सिंह और रमेश शर्मा ने प्रशासन के दावों पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। इनका कहना है कि जल निकासी और सीवरेज की सफाई के नाम पर हर साल करोड़ों रुपये खर्च किए जाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत शून्य है। जब खुद डिप्टी कमिश्नर के आवास के पास यह आलम है, तो बाकी शहर की स्थिति का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है। लोगों ने आशंका जताई कि यदि मात्र एक दिन की बारिश में शहर का यह हाल हो गया है, तो आने वाले दिनों में मानसून की भारी बारिश के दौरान जिला प्रशासन स्थिति को कैसे संभालेगा? सीवरेज की सफाई का पैसा आखिर कहाँ खर्च किया गया, इसकी जांच होनी चाहिए। डिप्टी कमिश्नर ने बुलाई आपात बैठक मामले की गंभीरता और जनता के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए मानसा की डिप्टी कमिश्नर नवजोत कौर ने तुरंत एक्शन लिया है। उन्होंने जिले के सीवरेज बोर्ड, नगर परिषद और अन्य संबंधित विभागों के आला अधिकारियों के साथ एक विशेष बैठक की। DC ने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए सीवरेज व्यवस्था की तुरंत सफाई करने और जल निकासी में सुधार लाने के कड़े निर्देश जारी किए हैं।

   

सम्बंधित खबर